स्कूली बच्चों के लिए संघ ने बढ़ाया सहायता का हाथ

डिजिटल डे्स्क, नागपुर। कोरोना संकट में स्कूल बंद रहने से परेशान छात्र-छात्राओं के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने सहायता का हाथ बढ़ाया है। संघ की ओर से मोहल्ला स्तर पर अध्ययन केंद्र खोले जा रहे हैं। इन केंद्रों में विविध विषयों के विशेषज्ञों के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्र में भी इस अभियान को चलाने की योजना है। खासकर 8वीं से 12वीं तक की परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को अध्ययन से जोड़े रखने के लिए यह उपाययोजना की जा रही है। इसमें स्वयंसेवी संस्थाओं के अलावा सामाजिक कार्यकर्ताओं का सहयोग लिया जा रहा है।
स्कूलों पर संकट
संघ के एक पदाधिकारी के अनुसार कोरोना संकट में स्कूलों पर भी बड़ा संकट आया है। शिक्षकों को वेतन नहीं मिल पाया है। अभिभावकों की ऐसी आर्थिक स्थिति नहीं है कि वे बच्चों की स्कूल फीस का समुचित भुगतान कर पाए। इन स्थितियों का परिणाम विद्यार्थियों पर पड़ रहा है। स्कूल से मुंह मोड़ने वाले बच्चों की संख्या भी बढ़ रही हैं। निजी स्कूलों की स्थिति भी ठीक नहीं है। ऐसे में बच्चों को शिक्षा से जोड़े रखने का प्रयास संघ कर रहा है।
सहयोग लिया जा रहा है
अध्ययन केंद्र के लिए हर क्षेत्र के जानकार व शिक्षाविदों का सहयोग लिया जा रहा है। अजनी व लालगंज भाग सहित 4 से 5 स्थानों पर केंद्र की शुरुआत हो गई है। विद्यार्थियों को जनसहयोग के रूप में यह अभियान चलाया जा रहा है। विद्यार्थियों की विविध परेशानियों को दूर करने का प्रयास कार्यकर्ता करेंगे। -राजेश लोया, महानगर संघचालक नागपुर।
नगर स्तर पर जिम्मेदारी
संघ की कार्यरचना के अनुसार शहर में 38 नगर हैं। हर नगर में 2 अभ्यासिका अर्थात अध्ययन केंद्र खोलने की योजना है। इस लिहाज से शहर में 72 अध्ययन केंद्र होंगे। समाज भवन, धार्मिक स्थल के अलावा घरों में अध्ययन केंद्र चलेंगे। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए इन केंद्रों में विद्यार्थियों को विविध विषय पढ़ाए जाएंगे। आरएसएस के यूथ फार सेवा अभियान के तहत 250 विद्यार्थी पहले से ही सेवा कार्य में लगे हैं। आईटी, मेडिकल, इंजीनियरिंग, साइंस के अलावा विविध विषयों की उच्च शिक्षा पा रहे इन विद्यार्थियों से भी अध्ययन केंद्रों में अध्यापन की सेवा ली जाएगी। इसके अलावा बस्तियों में शिक्षा क्षेत्र में जुड़े सेवाभावी लोगों को भी अध्ययापन को मौका दिया जाएगा।
Created On :   11 Aug 2020 3:40 PM IST