- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- जगह-जगह खोदे गड्ढे पर नाली से नहीं...
Jabalpur News: जगह-जगह खोदे गड्ढे पर नाली से नहीं किया कनेक्ट, लोगों की आफत

- ये कैसी वर्किंग: त्रिपुरी वार्ड के शास्त्री नगर में भर रहा बारिश का पानी
- नागरिकों का घर से निकलना हुआ मुश्किल, सभी परेशान
- हैरान करने वाली बात यह है कि नगर निगम के किसी वरिष्ठ अधिकारी ने मौके का निरीक्षण ही नहीं किया।
Jabalpur News: बारिश में जलभराव रोकने के लिए नगर निगम क्या कर रहा है। इसकी बानगी त्रिपुरी वार्ड के शास्त्री नगर में देखी जा सकती है। यहां पर बारिश के पानी की निकासी हेतु नाली बनाने के लिए जगह-जगह गड्ढे खोद दिए लेकिन गड्ढों का नाली से मिलान नहीं कराया। अब जगह-जगह जलभराव हो रहा है। हालत यह है कि यहां रहने वालेे नागरिकों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है।
नगर निगम के अधिकारियों को जनता की परेशानियों की कोई परवाह नहीं है। क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि शास्त्री नगर में लंबे समय से बारिश में जलभराव हो रहा था। इसकी शिकायत नगर निगम के अधिकारियों से की गई। जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए कॉलोनी में नालियां बनाने का निर्णय लिया गया।
नगर निगम ने शास्त्री नगर में दुर्गा मंदिर के पास, सोनी कॉलोनी, श्याम मालगुजार के निवास के पास और मीत कॉलोनी में नाली बनाने घरों के सामने गड्ढे खोद दिए लेकिन गड्ढों का नाली के साथ मिलान नहीं किया। इससे बारिश का पानी गड्ढों में भर रहा है। अब लोगों का आना-जाना मुश्किल हो रहा है।
जगह-जगह सड़कों पर भरा पानी
शास्त्री नगर में जगह-जगह बारिश का पानी सड़कों पर भरा है। बारिश के पानी की निकासी के लिए कोई जगह ही नहीं है। नगर निगम ने पानी निकासी की जगह बनाने की बजाय पानी निकलने का रास्ता ही बंद कर दिया। हैरान करने वाली बात यह है कि नगर निगम के किसी वरिष्ठ अधिकारी ने मौके का निरीक्षण ही नहीं किया।
पहले से विकराल हो गई समस्या
क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि शास्त्री नगर में पहले बारिश का पानी एक या दो दिन में निकल जाता है, लेकिन नगर निगम द्वारा गड्ढे खोेद दिए जाने के कारण अब जल निकासी नहीं हो रही है। इससे जलभराव की समस्या पहले से भी विकराल हो गई है। क्षेत्रीय पार्षद को कई बार समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
नाली का मिलान जल्द कराया जाए
शास्त्री नगर में यदि गड्ढों का मिलान नाली से करा दिया जाए, तो आसानी से बारिश का पानी निकलने लगेगा। नागरिकों का कहना है कि नगर निगम को जल्द ही गड्ढों का मिलान नाली से कराना चाहिए, ताकि लोगों को जलभराव से राहत मिल सके।
त्रिपुरी वार्ड के शास्त्री नगर में वर्षा जल निकासी के लिए नालियों का निर्माण कराया जा रहा है। नाली निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढों का जल्द ही नाली से मिलान कराया जाएगा, ताकि जल निकासी हो सके।
-शैलेन्द्र मिश्रा, कार्यपालन यंत्री, नगर निगम
Created On :   12 July 2025 2:42 PM IST