- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- हद है...तीन साल में भी नहीं बन पाई...
Jabalpur News: हद है...तीन साल में भी नहीं बन पाई ट्रांसपोर्ट नगर की 500 मीटर की सड़क

Jabalpur News: नगर निगम के अधिकारी किस प्रकार से काम कर रहे हैं, इसकी बानगी शहर के चंडालभाटा ट्रांसपोर्ट नगर में देखी जा सकती है। यहां पर तीन साल में भी 500 मीटर की सड़क नहीं बन पाई। यह सड़क कई काॅलोनियों को फ्लाईओवर से जोड़ती है। इसके बाद भी नगर निगम के अफसरों को कोई परवाह नहीं है। खास बात यह है कि सड़क पर ट्रैफिक का दबाव बना रहता है। एक तरफ स्कूली बच्चे व कॉलोनियों के लोग यहां से आवागमन करते हैं, वहीं ट्रांसपोर्ट नगर के कारण भारी वाहनों की आवाजाही सतत बनी रहती है। ऐसे में अधबनी सड़क पर हादसों का खतरा हमेशा बना रहता है।
क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर की सड़क से ट्रांसपोर्टरों के साथ ही शांति नगर, त्रिमूर्ति नगर, अम्बेडकर कॉलोनी, कृष्णा कॉलोनी, मनमोहन नगर, अनमोल नगर, समता कॉलोनी, धनप्रभा कॉलोनी और गनपत विहार में रहने वाले लोग आवागमन करते हैं। इसी सड़क से लोग ट्रांसपोर्ट नगर होते हुए फ्लाईओवर से आते और जाते हैं। सड़क खराब होने के कारण लोगों का फ्लाईओवर तक पहुंचना मुश्किल हो रहा है। खास तौर पर बच्चे और बुजुर्गों के आवागमन में ज्यादा परेशानी हो रही है। यहां पर कई बार स्कूल ऑटो भी पलट चुके हैं। सड़क खराब होने के कारण यहां पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
33 साल बाद भी प्रवेश द्वार पर बदहाली, रोज लग रहा जाम
क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि दमोह रोड से चंडालभाटा ट्रांसपोर्ट नगर की ओर मुड़ते ही बदहाली दिखने लगती है। यहां प्रवेश द्वार पर टू-लेन सड़क है, जिसका एक हिस्सा 33 साल बाद भी नहीं बन पाया। एक तरफ सीमेंटेड सड़क है, तो उसकी दूसरी लेन में मिट्टी व मुरुम पुरी हुई है। जिस पर ट्रक चालक अपने वाहन खड़े कर देते हैं। एक ही लेन चालू है, जिससे भारी वाहन आते-जाते हैं। इसी लेन से स्कूली बच्चों व कई कॉलोनियों के लोगों का भी आना-जाना होता है। हमेशा बड़े हादसों का खतरा बना रहता है। लोग भयभीत रहते हैं।
तीन साल पहले शुरू हुआ निर्माण
ट्रांसपोर्ट नगर की 500 मीटर लंबी सड़क का निर्माण 97 लाख रुपए की लागत से वर्ष 2022 में शुरू हुआ। ठेकेदार राहुल अग्रवाल ने 20 प्रतिशत सड़क बनाने के बाद काम बंद कर दिया। ठेकेदार पहले भुगतान नहीं होने का बहाना बना रहा था, लेकिन ठेकेदार को भुगतान हो चुका है। इसके बाद भी ठेकेदार द्वारा काम नहीं शुरू किया जा रहा है। हैरान करने वाली बात यह है कि नगर निगम द्वारा ठेकेदार को दो बार नोटिस दिए जा चुके हैं। इसके बाद नगर निगम के अधिकारियों ने चुप्पी साध ली।
कई बार दिए गए ज्ञापन पर हुआ कुछ नहीं
ट्रांसपोर्ट नगर की सड़क का काम शुरू कराने के लिए कई बार नगर निगम के अधिकारियों को ज्ञापन दिए गए। ट्रांसपोर्ट नगर व्यापारी संघ के राजेश अग्रवाल बबलू, रूपेश साहू, कुंदन विश्वकर्मा, ओंकार सिंह, प्रदीप मोदी, दालचंद विश्वकर्मा ने बताया कि कई बार ज्ञापन देने के बाद न तो सड़क का काम शुरू कराया जा रहा है, न ही ठेकेदार को ब्लैक लिस्टेड किया जा रहा है। नगर निगम ने ट्रांसपोर्ट नगर में पार्किंग के लिए 5 एकड़ जमीन आरक्षित की थी। अभी तक पार्किंग की जगह को पक्का नहीं किया गया है। इससे बारिश के दौरान यहां पर कीचड़ हो जाता है। व्यापारियों का कहना है कि पार्किंग की जगह को पक्का बनाकर यहां पर पेड पार्किंग बनाई जानी चाहिए।
Created On :   14 Oct 2025 5:55 PM IST