- Home
- /
- 4 हजार की रिश्वत लेते वरिष्ठ लिपिक...
4 हजार की रिश्वत लेते वरिष्ठ लिपिक गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क. चंद्रपुर । वेतन श्रेणी लागू करने व वेतन की शेष राशि देने के काम के लिए 4 हजार रुपए की रिश्वत लेते ब्रह्मपुरी के मत्स्यव्यवसाय विकास अधिकारी कार्यालय की वरिष्ठ लिपिक को चंद्रपुर एसीबी ने गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम वर्षा श्रीहरि मगरे (36) है। एसीबी के पुलिस उपअधीक्षक अविनाश भामरे ने बताया कि, यह कार्रवाई मंगलवार शाम 5 बजे के दौरान की गई है। खबर लिखे जाने तक मामला दर्ज करने की कार्रवाई चल रही थी। एसीबी से प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता मत्स्यव्यवसाय विकास अधिकारी पद पर मत्स्य बीज केंद्र आसाेलामेंढा में कार्यरत है। उसका मुख्यालय सावली तहसील में आता है। सावली तहसील नक्सलग्रस्त क्षेत्र में आने के चलते शिकायतकर्ता को अनुज्ञेय वेतन श्रेणी के वरिष्ठ पद की वेतन श्रेणी लागू कर वेतन मिलना आवश्यकता था परंतु उन्हें नहीं मिल रहा था।
ऐसे में 11 जनवरी 2022 को यह बात मत्स्यव्यवसाय विकास अधिकारी कार्यालय ब्रह्मपुरी के ध्यान में लाकर दी। इस संबंध में उन्होंने कार्यालय में पत्राचार किया। 14 फरवरी 2022 को इस संदर्भ में ब्रह्मपुरी कार्यालय जाकर वरिष्ठ लिपिक मगरे से पूछा तो मगरे ने काम के लिए 4500 रुपए देने की मांग की। शिकायतकर्ता ने चंद्रपुर एसीबी कार्यालय में शिकायत की। इसके बाद एसीबी ने जाल बिछाया। जहां आरोपी लोकसेवक वर्षा मगरे (36) ने 4500 रुपए की मांग की और समझौता कर 4 हजार रुपए लेते हुए पकड़ा। ब्रह्मपुरी पुलिस थाने में मामला दर्ज किया है। कार्रवाई एसीबी के भामरे के नेतृत्व में चांदेकर, नन्नावरे, गाडगे, मोहुर्ले, काशियावाले ने की।
Created On :   6 April 2022 4:19 PM IST