महाराष्ट्र में बनेंगे तीन नए जेल, गोंदिया, हिंगोली व भुसावल के लिए मिली जमीन 

Three new jails will be built in Maharashtra, land got for Gondia, Hingoli and Bhusaval
महाराष्ट्र में बनेंगे तीन नए जेल, गोंदिया, हिंगोली व भुसावल के लिए मिली जमीन 
देवेंद्र फडणवीस ने दी जानकारी महाराष्ट्र में बनेंगे तीन नए जेल, गोंदिया, हिंगोली व भुसावल के लिए मिली जमीन 

डिजिटल डेस्क, मुंबई ।  प्रदेश के अहमदनगर के नारायणडोह, मुंबई के मानखुर्द स्थित मंडाले और पालघर में नया जेल बनाया जाएगा। पुणे के येरवडा और ठाणे के सेंट्रल जेल की मौजूदा जगह पर ही नया जेल बनाया जाएगा। जबकि गोंदिया, हिंगोली और भुसावल में जेल बनाने के लिए जगह मिल चुकी है। राज्य पुलिस गृहनिर्माण व कल्याण महामंडल के माध्यम से नए जेलों का निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा। विधान परिषद में पूछे गए एक सवाल के लिखित जवाब में उपमुख्यमंत्री तथा गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस ने यह जानकारी दी। 
राकांपा के सदस्य बाबाजानी दुर्राणी ने जेल में क्षमता से अधिक कैदी होने के बारे में सवाल पूछा था। लिखित जवाब में उपमुख्यमंत्री ने बताया कि अहमदनगर में बनाए जाने वाले जेल की कैदी क्षमता 500 और पालघर के जेल की कैदी क्षमता 1500 होगी। जबकि येरवडा और ठाणे सेंट्रल जेल के परिसर में बनाए जाने वाले जेल की कैदी क्षमता 3 हजार होगी। इन चारों जेलों के लिए साल 2023-24 के बजट में निधि का प्रावधान प्रस्तावित किया गया है। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि नागपुर, चंद्रपुर, यवतमाल, सातारा और सोलापुर की जेल में बैरक बनाने का काम चल रहा है। येरवडा महिला खुला (ओपन) जेल और येरवडा सेंट्रल जेल और येरवडा खुले जेल में बैरक बनाने के लिए इस वर्ष के बजट में निधि प्रस्तावित की गई है। मुंबई सेंट्रल जेल में अतिरिक्त सुरक्षा कक्ष का काम अंतिम चरण में है। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य भर में कुल 60 जेल है। इन जेलों में अधिकृत कैदी क्षमता 24 हजार 722 है। इन जिलों में  बीते जनवरी महीने तक  41 हजार 75 कैदी हैं। जिसमें पुरुष कैदी 39 हजार 504 और महिला कैदी 1 हजार 556 हैं। वहीं किन्नर कैदियों की संख्या 15 हैं। नागपुर, मुंबई, ठाणे और येरवडा के सेंट्रल जेल में अधिकृत क्षमता से ज्यादा कैदी हैं। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि साल 2016 से 2022 तक विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से 1 लाख 24 हजार 280 कैदियों को मुफ्त में कानूनी सलाह दी गई है।
 

Created On :   18 March 2023 4:27 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story