डॉलर व अंतर्वस्त्र में सोना छिपा कर लाने के मामले में दो विदेशी नागरिक गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कस्टम विभाग ने तस्करी के दो मामलों का भंडाफोड़ करते हुए मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से दो विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी दो किताबों में पन्नों के बीच 90 हजार डॉलर छिपाकर ले जा रहा था जबकि दूसरे ने अपने अंतर्वस्त्रों में 2.5 किलो सोना छिपा रखा था। बरामद डॉलर और सोने की कीमत दो करोड़ रुपए से ज्यादा है। अमेरिकी डॉलर के साथ जिस व्यक्ति को पकड़ा गया है वह अजरबैजान का नागरिक है और बिना सूचना दिए अमेरिकी डॉलर शारजाह ले जा रहा था। शक के आधार पर कस्टम अधिकारियों ने आरोपी के पास मौजूद दो किताबें खोलकर देखीं तो उनमें पन्नों के बीच डॉलर रखे हुए थे। बरामद अमेरिकी डॉलर की कीमत भारतीय मुद्रा में 73 लाख रुपए है। डॉलर जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं दूसरे मामले में कस्टम विभाग ने फिलिस्तीन के एक नागरिक को पकड़ा है जो दुबई से भारत पहुंचा था। शक के आधार पर तलाशी लेने पर आरोपी के अंतर्वस्त्रों में ढाई किलो सोना मिला। बरामद सोना पेस्ट बनाकर अंतर्वस्त्रों में छिपाया गया था। चोरी छिपे लाए गए सोने की कीमत 1 करोड़ 30 लाख रुपए है। मामले में तस्करी के आरोप में एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर सोना जब्त कर लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
19लाख के नकली नोटों के साथ दो गिरफ्तार
महानगर के मालवणी इलाके में एक सप्ताह में दूसरी बार नकली नोटों की खेप पकड़ी गई है। इस बार पुलिस ने करीब 19 लाख रुपए कीमत के नकली नोटों के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहले मालवणी पुलिस ने शक के आधार पर फहील शेख नाम के आरोपी के पास से करीब एक लाख रुपए के नकली नोट बरामद किए। पूछताछ में उसने बताया कि वह पालघर जिले के बोइसर इलाके में रहने वाले महबूब शेख नाम के व्यक्ति से नकली नोट लेता है। इसके बाद पुलिस की टीम ने वहां छापेमारी कर 18 लाख रुपए के नकली नोट बरामद किए। बरामद नकली नोटों में दो हजार के 500, पांच सौ के 1796, दो सौ रुपए के 5 और सौ रुपए से पांच नोट हैं। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। इससे पहले 16 जनवरी को मालवणी इलाके से ही हनीफ शेख नाम के आरोपी को 60 हजार रुपए कीमत के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया गया था।
Created On :   24 Jan 2023 7:40 PM IST