अजब गजब: दुनिया में है एक ऐसा जीव जिसको जलाने या काटने पर भी उसको नहीं होता कुछ भी महसूस, जानें इसकी अनोखी वजह

दुनिया में है एक ऐसा जीव जिसको जलाने या काटने पर भी उसको नहीं होता कुछ भी महसूस, जानें इसकी अनोखी वजह
दुनिया में एक नेकेड मोल रैट नाम का जानवर है, जिसको ना तो दर्द होता है और ना ही जानलेवा बीमारी भी उसका कुछ बिगाड़ सकती है। जानें इस जीव के बारे में कुछ रोचक बातें।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दुनिया में कई तरह के अजीबोगरीब जीव पाए जाते हैं। जिनमें अपनी ही खास खूबियां होती हैं। इनकी वजह से ही वे वैज्ञानिकों को भी हैरान कर देते हैं। ऐसा ही एक जीव नेकेड मोल रैट भी है। ये देखने में बिना बालों वाला छोटा चूहा लगता है, लेकिन इसकी क्षमताएं बहुत ही ज्यादा अनोखी हैं। इस वजह से ही इस पर लंबे समय से रिसर्च की जा रही है। चलिए इस खास जीव के बारे में जानते हैं।

दर्द का नहीं होता असर

इस जीव की सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इसे आम जीवों की तरह दर्द महसूस नहीं होता। शरीर में कुछ खास संकेत पहुंचाने वाले तत्व नहीं होने के कारण जलने, कटने या तेज जलन पैदा करने वाली चीजों का इस पर सामान्य असर नहीं पड़ता।

बिना ऑक्सीजन भी रह सकता है जिंदा

जहां इंसान और ज्यादातर जानवर ऑक्सीजन के बिना कुछ ही मिनटों तक जीवित रह पाते हैं, वहीं यह जीव करीब 18 मिनट तक बिना ऑक्सीजन के भी जिंदा रह सकता है। ऐसी स्थिति में इसका शरीर ऊर्जा बनाने का तरीका बदल देता है, जिससे यह मुश्किल हालात में भी खुद को बचा लेता है।

कैंसर से रहता है दूर

वैज्ञानिकों के लिए यह जीव इसलिए भी खास है क्योंकि इसमें कैंसर होने की संभावना बहुत ही ज्यादा कम मानी जाती है। इसके शरीर में पाया जाने वाला एक विशेष पदार्थ हानिकारक कोशिकाओं को तेजी से बढ़ने से रोकने में मदद करता है।

लंबी उम्र और अलग जीवनशैली

आम चूहों की तुलना में इसकी उम्र कई गुना ज्यादा होती है। यह करीब 30 साल या उससे अधिक समय तक जीवित रह सकता है। और इस जीव की खास बात यह है कि बढ़ती उम्र के बावजूद फुर्ती बिल्कुल भी कम नहीं होती है।

रानी के नेतृत्व में चलता है पूरा समूह

यह जीव अकेले नहीं बल्कि बड़े समूह में रहता है। पूरे समूह में एक रानी होती है, जबकि बाकी सदस्य सुरंग बनाना, भोजन जुटाना और सुरक्षा जैसे काम करते हैं। इसकी यह व्यवस्था चींटियों और मधुमक्खियों की बस्तियों जैसी बताई जा रही है।

Created On :   3 Jun 2026 7:58 PM IST

Tags

Next Story