अजब गजब: 10 सालों से पत्तियां खाकर जिंदा है 34 साल का ये शख्स, बंदरों से कर दी तुलना

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आम तौर पर भेड़-बकरियां पत्तियां खाकर जीती हैं, लेकिन एक ऐसा इंसान भी है सिर्फ पत्तों और जड़ी-बूटियों पर सालों तक रह सकता है। कर्नाटक के बेलगावी जिले के उगागोल्ला गांव के रहने वाले 34 साल के बुदान खान होसमानी ऐसा ही दावा करते हैं। वे हेग्गोल्ले पहाड़ी पर रहते हैं और पिछले करीब 10 सालों से उन्होंने रोटी, चावल और बाकी अनाज खाना छोड़ दिया है।
यह भी पढ़े -दुनिया में है एक ऐसी गिलहरी जो ठंड में बन जाती है 'गजनी', गर्मियों में सब कुछ आता है याद, जानें क्या है उसका नाम
बुदान खान बताते हैं कि उन्हें यह तरीका जंगल में बंदरों को देखकर सूझा। बंदरों को पत्तियां खाते देख उन्होंने भी पत्ते चखने शुरू किए। धीरे-धीरे उन्हें इसकी आदत हो गई और फिर उन्होंने सामान्य खाना पूरी तरह छोड़ दिया। अब उनका कहना है कि वे पूरी तरह जंगल में मिलने वाली चीजों पर निर्भर हैं।
उनके मुताबिक, जिस पहाड़ी पर वे रहते हैं वहां 150 से ज्यादा तरह के पौधे मिलते हैं। वे दिन में करीब छह बार अलग-अलग पत्तियां खाते हैं। उनका कहना है कि इनका स्वाद हल्का मीठा होता है और इन्हें खाने के बाद उन्हें भूख नहीं लगती। कभी-कभी गांव जाने पर वे थोड़ी-बहुत चाय या सूप ले लेते हैं, लेकिन उनका मुख्य खाना पत्ते ही हैं।
बुदान खान का दावा है कि पिछले 10 सालों में वे एक बार भी बीमार नहीं पड़े। उन्हें न अस्पताल जाना पड़ा और न दवा लेनी पड़ी। हालांकि, डॉक्टरों के लिए यह हैरानी की बात है, क्योंकि शरीर को कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन और वसा जैसे पोषक तत्वों की जरूरत होती है। ऐसे में उनका जीवन अब शोध का विषय बन गया है। वे पहाड़ी पर बने छोटे से घर में अकेले रहते हैं और शहर की भीड़-भाड़ से दूर प्रकृति के बीच सादा जीवन जीना पसंद करते हैं।
Created On :   11 Feb 2026 7:25 PM IST














