अजब गजब: बीमार जेन जी इंप्लॉई ने कंपनी को दिया ऐसा जवाब कि इंटरनेट पर हुए सब हैरान, कहा- 'मैं स्कूल का बच्चा नहीं हूं'

बीमार जेन जी इंप्लॉई ने कंपनी को दिया ऐसा जवाब कि इंटरनेट पर हुए सब हैरान, कहा- मैं स्कूल का बच्चा नहीं हूं
एक्स पर एक व्हॉट्स एप चैट वायरल हो रही है जिसमें एक शख्स अपनी कंपनी में सिक लीव मांगता हुआ नजर आ रहा है। लेकिन कंपनी के ना मानने पर वो गुस्सा हो गया है। जिसके बाद लोग अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आजकल ऑफिसेज में काम और पर्सनल जीवन के बीच बैलेंस के साथ-साथ कर्मचारियों के अधिकार भी जरूरी हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक इंप्लाई और उसके मैनेजर के बीच हुई बातचीत का स्क्रीनशॉट बहुत ही तेजी से वायरल हो रहा है। इस बातचीत को देखने के बाद लोगों ने अपना-अपना ओपिनियन दिया है। कुछ का कहना है कि ये सही है तो कुछ का कहना है कि ये प्रोफेशनल नहीं है।

बॉस ने मांगा मेडिकल सबूत

वायरल स्क्रीनशॉट के मुताबिक कर्मचारी ने अपने मैनेजर को बताया कि उसे तेज बुखार है, इसलिए वह उस दिन ऑफिस नहीं आ पाएगा। इस पर मैनेजर ने डॉक्टर को दिखाने की सलाह दी। कर्मचारी ने कहा कि उसने पैरासिटामोल की दवा ले ली है और जरूरत महसूस होगी तो डॉक्टर के पास जाएगा। इसके बाद मैनेजर ने कंपनी के नियमों का हवाला देते हुए कहा कि बीमार होने पर डॉक्टर प्रिस्क्रिप्शन देना भी जरूरी है।

कर्मचारी का जवाब हुआ वायरल

मैनेजर की यह बात कर्मचारी को पसंद नहीं आई। उसने जवाब दिया कि वह कोई स्कूल का छात्र नहीं है, जिसे हर छुट्टी के लिए डॉक्टर प्रिस्क्रिप्शन या माता-पिता के साइन वाली लीव एप्लीकेशन देनी पड़ेगी। उसने यह भी कहा कि उसके पास बीमारी की छुट्टियां बची हुई थीं और उसने उन्हीं का इस्तेमाल किया है। कर्मचारी ने तंज कसते हुए कहा कि अगर पर्ची इतनी जरूरी है तो डायरेक्टर खुद उसके नाम से लिख दें। आखिर में उसने साफ कर दिया कि अब वह आराम करेगा और किसी कॉल या मैसेज का जवाब नहीं देगा।

लोगों की बंटी राय

यह बातचीत सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। कई लोगों का कहना है कि जब कंपनियां बीमारी की छुट्टी देती हैं तो कर्मचारियों पर भरोसा भी करना चाहिए। उनका मानना है कि मामूली बुखार या सर्दी में डॉक्टर प्रिस्क्रिप्शन मांगना ठीक नहीं है। वहीं कुछ लोगों ने कहा कि छुट्टियों का गलत इस्तेमाल रोकने के लिए ऐसे नियम जरूरी होते हैं। हालांकि कई लोगों ने कर्मचारी के जवाब देने के तरीके को जरूरत से ज्यादा तीखा भी बताया है, लेकिन कई लोगों ने सपोर्ट भी किया है।

Created On :   3 July 2026 6:55 PM IST

Tags

Next Story