तीन घरों से तेरह लाख की चोरी करने वाली महिला गिरफ्तार, 38 तोला सोना बरामद 

तीन घरों से तेरह लाख की चोरी करने वाली महिला गिरफ्तार, 38 तोला सोना बरामद 

Tejinder Singh
Update: 2018-12-28 15:05 GMT
तीन घरों से तेरह लाख की चोरी करने वाली महिला गिरफ्तार, 38 तोला सोना बरामद 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। ठाणे पुलिस ने एक ऐसी शातिर महिला को गिरफ्तार किया है जो लोगों के घरों में ताला तोड़कर चोरी करती थी। पकड़ी गई 33 वर्षीय महिला का नाम शिरीन नूर अली शेख है। आरोपी शेख ने उल्हासनगर और अंबरनाथ इलाके के तीन घरों में 13 लाख रुपए से ज्यादा की चोरी की थी। पुलिस उपायुक्त दीपक देवराज के मुताबिक पकड़ी गई महिला आरोपी बेहद शातिर है। वह बुर्के में घूमती थी और घरों की टोह लेती थी। दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच जिन घरों में उसे ताला दिखता था, वहां ताला तोड़कर चोरी कर लेती थी। महिला होने के नाते लोग उसे इलाके में घूमते देखते थे, तब भी उन्हें शक नहीं होता था कि वह चोरी कर सकती है।

ठाणे अपराध शाखा की यूनिट चार ने शेख को जाल बिछाकर अंबरनाथ के विमको नाका इलाके से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान शेख ने चोरी की बात स्वीकार की। पुलिस ने इसके पास से नकदी के अलावा लोगों के घरों से चुराया गया 38 तोला सोना और 58 ग्राम चांदी बरामद किया है। पुलिस को शक है कि आरोपी महिला ने इलाके के कई घरों में सेंध लगाई है। 

Similar News