पांच साल में 350 बड़े रेल हादसे- देश में 419 लोगों ने गंवाई जान, करीब 283 करोड़ का हुआ नुकसान

पांच साल में 350 बड़े रेल हादसे- देश में 419 लोगों ने गंवाई जान, करीब 283 करोड़ का हुआ नुकसान

Tejinder Singh
Update: 2019-01-11 13:35 GMT
पांच साल में 350 बड़े रेल हादसे- देश में 419 लोगों ने गंवाई जान, करीब 283 करोड़ का हुआ नुकसान

डिजिटल डेस्क, मुंबई। पिछले पांच सालों के दौरान देशभर में हुई 350 बड़ी रेल दुर्घटनाओं में 419 यात्रियों की मौत हुई है, जबकि 1024 जख्मी हुए हैं। सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत रेलवे बोर्ड से मिली जानकारी से इस बात का खुलासा हुआ है। हादसों में केवल यात्री ही हताहत नहीं हुए बल्कि 282 करोड़ 78 लाख रूपए की संपत्ति का नुकसान भी हुआ है। जवाब से यह भी साफ हुआ है कि 90 फीसदी हादसे गाड़ियों के पटरी से उतरने व पलटने के चलते हुए हैं।

आरटीआई कार्यकर्ता शकील अहमद शेख ने रेलवे बोर्ड से साल 2013 से 2018 के बीच हुए रेल हादसों, हताहतों और नुकसान से जुड़ी जानकारी मांगी थी। जवाब में रेलवे बोर्ड के सूचना अधिकारी व उपनिदेशक संरक्षा संजोय अब्राहम ने जो जानकारी दी। उसके मुताबिक अप्रैल 2013 से मार्च 2018 के बीच कुल 350 बड़े रेल हादसे हुए जो 419 यात्रियों के लिए जानलेवा साबित हुए हैं, सबसे ज्यादा 84 हादसों में 195 लोगों की मौत साल 2016-17 में हुई।

आंकड़ों के मुताबिक छह प्रतिशत हादसे गाड़ियों की टक्कर के चलते और चार फीसदी आग लगने के चलते हुए हैं। जब कुल 90 फीसदी मामलों में दुर्घटना की वजह रेलगाड़ी का पटरी से उतरना रहा है। शेख के मुताबिक यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाना रेलवे की जिम्मेदारी है, लेकिन लगातार हादसों को देखकर लगता है कि रेलवे अधिकारी इसके लिए गंभीर नहीं हैं। 

किस साल कितने हादसे

   साल         हादसे       मौत      जख्मी      नुकसान

2013-14       64         41        79       38.20  करोड़ 
2014-15       74        119       322      72.80  करोड़
2015-16       68         36       101       59.24 करोड़
2016-17       84        195       346      62.29 करोड़
2017-18       60         28        176      51.15 करोड़
 

Similar News