421 पॉजिटिव - कोरोना का सबसे बड़ा विस्फोट सिविल लाइन सर्वाधिक संक्रमित

421 पॉजिटिव - कोरोना का सबसे बड़ा विस्फोट सिविल लाइन सर्वाधिक संक्रमित

Bhaskar Hindi
Update: 2021-04-21 13:18 GMT
421 पॉजिटिव - कोरोना का सबसे बड़ा विस्फोट सिविल लाइन सर्वाधिक संक्रमित

बेकाबू होते कोविड-19 में सुबह संक्रमण की कतार, दोपहर में दिखावटी सन्नाटा
डिजिटल डेस्क कटनी ।
कोरोना का संक्रमण कटनी जिले में बेकाबू हो गया है और लगातार पांव भी पसार रहा है। पांच दिन की पेंडिंग रिपोर्ट में 24 घंटे में 421 लोग संक्रमित मिले। इससे पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा 5363 हो गया। जबकि एक्टिव मरीजों की संख्या 1620 हो गई है। कोविड संक्रमण काल का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है, जब एक ही दिन में जिले में रिकॉर्ड मरीज मिले। रिपोर्ट के अनुसार कटनी शहर में सर्वाधिक संक्रमण सिविल लाइन क्षेत्र में है। ग्रामीण क्षेत्र भी चपेट में हैं। कैमोर निवासी 46 वर्षीय व्यवसायी की मौत मंगलवार सुबह हो गई। इसके बावजूद व्यवसायी को हेल्थ बुलेटिन में स्वास्थ्य विभाग होम आइसोलेट बताता रहा। दरअसल, कोरोना कफ्र्यू के बावजूद लापरवाही से केस लगातार बढ़ रहे हैं। संक्रमण को रोकने के लिए यह कफ्र्यू दिखावा बनकर रह गया है। संक्रमण की शुरुआत सुबह से ही सब्जी मंडी में होती है। 10 बजे तक तो शहर से लेकर गांव तक में कई लोग बेवजह ही घूमते नजर आते हैं, जिसके चलते कोविड महामारी ने विकराल रूप ले लिया है। जबकि दोपहर के समय यह दिखावटी रहता है। कई लोग दवा का बहाना बनाकर घर से निकलते हैं।
कारोबारी की रिपोर्ट आई थी पॉजिटिव
कोविड के मृतक मरीजों के आंकड़ों में पर्दा डालने का काम स्वास्थ्य विभाग लगातार कर रहा है। मंगलवार सुबह ही कैमोर में एक कारोबारी की मौत हो गई। बाद में पॉजिटिव मरीजों की सूची में इनका नाम शामिल रहा। तबीयत खराब होने पर 15 अप्रैल को कारोबारी ने जांच केन्द्र में जाकर सैंपल दिया था। इनकी रिपोर्ट 19 अप्रैल को देर रात जबलपुर से पॉजिटिव मिली। इस दौरान इनका इलाज भगवान भरोसे ही होते रहा। मंगलवार देर शाम तक मृतक मरीजों की संख्या बताने में प्रशासन हीला-हवाली करता रहा। जिसके बाद लोगों को मृतकों की जानकारी नहीं मिल पा रही है।
शहर से गांव तक संक्रमित
शहर मेंं सिविल लाइन सबसे अधिक संक्रमित क्षेत्र हो गया है। मंगलवार को पॉजिटिव मरीजों की सूची में यहां के 25 लोग शामिल रहे। इसके बाद माधव नगर है। यहां के 17 लोग पॉजिटिव पाए गए। दुबे कॉलोनी में भी खतरा लगातार मंडरा रहा है। सूची में इस क्षेत्र के 12 लोग शामिल रहे। रिकॉर्ड तोड़ मरीजों की सूची में शहर के अधिकांश जगह शामिल रहे। यहां तक की ग्रामीण अंचल भी अछूते नहीं रहे। रीठी, बाकल, कैमोर, विजयराघवगढ़ के साथ अन्य क्षेत्र भी शामिल रहे।
15 दिन में संक्रमण दोगुना

पंद्रह दिन के अंतराल में ही संक्रमण का दायरा करीब सौ प्रतिशत बढ़ गया है। पांच अप्रैल तक की स्थिति में जहां 100 सैंपल में तीन मरीज ही पॉजिटिव मिल रहे थे। वहीं अब 100 में से करीब 6 मरीज पॉजिटिव मिल रहे हैं। पांच अप्रैल की स्थिति में जिले से 90 हजार 808 लोगों के नमूने लिए गए थे। इसमें 2729 लोग ही पॉजिटिव निकले थे। 20 अप्रैल तक की स्थिति में 98989 नमूनों में से 5363 मरीज पॉजिटिव मिल चुके हैं।

Tags:    

Similar News