भूत उतारने के नाम पर 76 वर्षीय बुजुर्ग महिला और उसके बेटे की हत्या

भूत उतारने के नाम पर 76 वर्षीय बुजुर्ग महिला और उसके बेटे की हत्या

Tejinder Singh
Update: 2020-07-26 12:35 GMT
भूत उतारने के नाम पर 76 वर्षीय बुजुर्ग महिला और उसके बेटे की हत्या

डिजिटल डेस्क,मुंबई। भूत उतारने के नाम पर एक तांत्रिक के झांसे में आकर एक परिवार ने घर की 76 वर्षीय बुजुर्ग महिला समेत दो सदस्यों को लाठी डंडे से पीट-पीटकर मार डाला। दिल दहला देने वाली वारदात ठाणे जिले के कल्याण  इलाके की है। पुलिस ने ढोंगी बाबा के साथ-साथ दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि मृतक के 17 वर्षीय बेटे को भी हिरासत में लिया गया है। मृतकों की पहचान पंढरीनाथ तरे(50) और उनकी मां चंदूबाई तरे(76) के रूप में हुई है। गिरफ्तार तांत्रिक का नाम सुरेंद्र पाटिल है। इसके अलावा पंढरीनाथ के भतीजे विनायक तरे, भतीजी कविता तरे को गिरफ्तार किया गया है। पंढरीनाथ के 17 साल के नाबालिग बेटे को भी हिरासत में लिया गया है।

ऐसे हुई वारदात

तरे परिवार कल्याण के करीब स्थित अटाली गांव का रहने वाला है। पंढरीनाथ में कविता के व्यवहार में कुछ दिनों से बदलाव देखा जिसके बाद उसे  एक दोस्त के कहने पर उसे तांत्रिक पाटिल  के पास ले गया।  पुलिस के मुताबिक पंढरीनाथ अपनी पत्नी के साथ कविता को तांत्रिक के पास हर सप्ताह लेकर जाता था जहां वह कुछ मंत्रों का उच्चारण करता था।  काफी समय बाद भी जब कविता ठीक नहीं हुई तो तांत्रिक पाटिल ने पंढरीनाथ को कहा कि वह उनके घर पर आएगा। तरे परिवार के घर पहुंचे पाटिल ने दावा किया कि असल में पंढरीनाथ और उनकी मां चंदूबाई के शरीर में बुरी आत्माएं हैं जिसके चलते कविता के व्यवहार में परिवर्तन आया है।  तांत्रिक पाटिल ने परिवार वालों को कहा कि बुरी आत्माएं शरीर से भगाने के लिए जब तक वह मंत्रोच्चार करें दोनों को लाठी-डंडों से पीटते रहे।  

पाटिल दोनों पर हल्दी पाउडर फेंकते हुए मंत्रोच्चार करता रहा और बाकी तीनों आरोपी दोनों को पीटते रहे। यह पिटाई शाम साढ़े 4 बजे से रात पौने 9 बजे तक चली जब तक दोनों बेहोश नहीं हो गए। इसके बाद तांत्रिक पाटिल यह कहकर चला गया कि दोनों के शरीर से बुरी आत्माएं चली गई है और कविता भी अब ठीक हो जाएगी। 4 घंटे बाद भी जब दोनों को होश नहीं आया तो परेशान परिवार वाले उन्हें अस्पताल ले गए लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। सीनियर इंस्पेक्टर अशोक पवार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आईपीसी और जादू टोना कानून की संबंधित धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। 

 

Tags:    

Similar News