भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष चित्रा वाघ की तस्वीर के साथ छेड़छाड़ करनेवाला आरोपी यवतमाल से गिरफ्तार

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष चित्रा वाघ की तस्वीर के साथ छेड़छाड़ करनेवाला आरोपी यवतमाल से गिरफ्तार

Tejinder Singh
Update: 2021-03-08 15:39 GMT
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष चित्रा वाघ की तस्वीर के साथ छेड़छाड़ करनेवाला आरोपी यवतमाल से गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। पुलिस के सायबर प्रकोष्ठ ने प्रदेश भारतीय जनता पार्टी की उपाध्यक्ष चित्रा वाघ की फोटो की मार्फिंग (छेड़छाड) करनेवाले व अश्लील संदेश भेजनेवाले एक आरोपी को यवतमाल से गिरफ्तार किया है। वाघ ने पिछले दिनों इस बारे में एफआईआर दर्ज कर अपनी शिकायत को सार्वजनिक रुप से ट्विटर पर साझा किया था। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान राहुल अडे के रुप में की गई है और वह यवतमाल जिले में घाटंनजी इलाके का रहनेवाला है। 

पुलिस उपायुक्त (सायबर) डा.रश्मी करंदीकर ने आरोपी के गिरफ्तार होने की पुष्टी की है। करंदीकर के मुताबिक मामले की जांच से जुड़ी उनकी टीम को आरोपी को यवतमाल से गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। भाजपा नेता वाघ ने दो मार्च 2021 को इस मामले को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। जिसमें उन्होंने आरोपी पर अश्लील संदेश भेजने व तस्वीर के साथ छेड़छाड का आरोप लगाया था। वाघ ने पुणे में टिकटाक स्टार पूजा चव्हाण की मौत को लेकर राज्य सरकार का तीखा हमला बोला था। इसके साथ ही चव्हाण के मामले से जुड़े मंत्री के इस्तीफे की मांग की थी। 

वाघ ने अपनी शिकायत में दावा किया गया था कि उनकी मार्फ की गई तस्वीर बड़े पैमाने पर फैलाई जा रही है। उन्हें अश्लील व धमकी भरे संदेश भी मिल रहे है। जिसमें उसकी हत्या करने की भी बात कही जा रही है। 

वाघ की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए सायबर पुलिस ने पहले उस आईपी एड्रेस व मोबाईल लोकेशन का पता लगाया जहां से संदेश व तस्वीरे भेजी गई थी। इसके बाद आसानी से 26 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपी को फिलहाल 13 मार्च 2021 तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354डी, 509,506 व सूचना प्रौद्योगिकी कानून की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया है। 

 

Tags:    

Similar News