कर्नाटक के बाद अब पालघर और गोंदिया-भंडारा उपचुनाव भी जीतेंगे - दानवे 

कर्नाटक के बाद अब पालघर और गोंदिया-भंडारा उपचुनाव भी जीतेंगे - दानवे 

Tejinder Singh
Update: 2018-05-15 13:42 GMT
कर्नाटक के बाद अब पालघर और गोंदिया-भंडारा उपचुनाव भी जीतेंगे - दानवे 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में पार्टी को मिली बड़ी सफलता से उत्साहित प्रदेश भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। मंगलवार दोपहर को भाजपा के बहुमत की ओर बढ़ने के बाद पार्टी के प्रदेश कार्यालय में नेताओं को जमावड़ा नजर आया। इस जश्न में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी आने वाले थे लेकिन वह नहीं आ पाए। मुख्यमंत्री ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव में जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को बधाई दी।

जबकि पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रावसाहब दानवे ने कहा कि कर्नाटक में भाजपा को जीत मिली है। पार्टी अब पालघर और भंडारा-गोंदिया लोकसभा उपचुनाव भी जीतेगी। दानवे ने कहा कि पालघर में चाहे कोई कितनी भी साजिश कर ले। लेकिन जीत भाजपा की ही होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी को साल 2019 के लोकसभा चुनाव में भी सफलता मिलेगी। 

दानवे ने कहा कि साल 2014 के बाद से देश की तस्वीर बदल गई है। अभी तक भाजपा 22 प्रदेश में सत्ता पर काबिज है। भाजपा को जो जनसमर्थन मिला है उसको कोई ठुकरा नहीं सकता है। जबकि मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार ने कहा कि कर्नाटक जीते हैं। अब हम भंडारा-गोंदिया लोकसभा उपचुनाव ताल ठोंक करके जीतेंगे। पालघर लोकसभा उपचुनाव भी दमखम के साथ जीतेंगे।

शेलार ने दावा किया कि साल 2019 में केंद्र में फिर से भाजपा सरकार बनाएगी। भाजपा विधायक राज पुरोहित ने कहा कि कर्नाटक की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को स्वीकार किया है। केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का नतीजा है कि भाजपा देश के अधिकांश राज्यों में सत्ता में है। 


 

Similar News