एकजुट हैं हमारे सभी विधायक- फडणवीस, पता है वर्तमान और भविष्य मोदी ही हैं

एकजुट हैं हमारे सभी विधायक- फडणवीस, पता है वर्तमान और भविष्य मोदी ही हैं

Tejinder Singh
Update: 2020-12-21 14:45 GMT
एकजुट हैं हमारे सभी विधायक- फडणवीस, पता है वर्तमान और भविष्य मोदी ही हैं

डिजिटल डेस्क, मुंबई। विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि साल 2019 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और राकांपा को छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले विधायक पार्टी में बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा के सभी विधायक एकजुट हैं। सभी लोगों को यह मालूम है कि देश का भविष्य कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और यूपीए नहीं है। देश का वर्तमान और भविष्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। इसलिए इन विधायकों को पता है कि धोखे से बनी सरकार कितने समय तक चलती है और उसका आगे क्या होता है? 

सोमवार को नाशिक के पूर्व विधायक तथा शिवसेना नेता बालासाहब सानप फिर से भाजपा में शामिल गो गए। भाजपा नेता फडणवीस और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील की मौजूदगी में सानप ने पार्टी में दोबारा प्रवेश किया। 

फडणवीस ने कहा कि कुछ लोग हर दिन कहते हैं कि भाजपा के विधायक महाविकास आघाड़ी के घटक दलों में आएंगे पर महाविकास आघाड़ी के घटक दलों को भी मालूम है कि भाजपा का कोई विधायक उनके पास नहीं जाएगा। महाविकास आघाड़ी के घटक दलों के विधायकों में प्रचंड़ नाराजगी और बैचेनी है। इसलिए उन्हें डर है कि उनके विधायक क्या करेंगे। इसलिए महाविकास आघाड़ी के नेता बार-बार कहते हैं कि भाजपा के विधायक हमारे पास आएंगे। फडणवीस ने कहा कि आने वाले दिनों में भाजपा में कई लोगों का प्रवेश होगा। 

हमारी इच्छा, तीनों दल साथ मिल कर लड़े

फडणवीस ने कहा कि मेरी इच्छा है कि महाविकास आघाड़ी एक साथ लड़े क्योंकि तीनों दलों के साथ लड़ने से उन्हें तात्कालिक फायदा मिल सकता है लेकिन तीनों दलों के साथ आने से भाजपा को बड़ी राजनीतिक जगह मिलेगी। राजस्थान, मध्यप्रदेश, कर्नाटक, गुजरात की तरह भाजपा भविष्य में प्रदेश में अपने दम पर सरकार बनाएगी। 

फडणवीस ने कहा कि नाशिक भाजपा का गढ़ बन गया है। आगामी लोकसभा चुनाव में नाशिक में भाजपा का सांसद होगा। इस दृष्टि से नाशिक में पार्टी को मजबूत करना है। फडणवीस ने कहा कि हमारे और सानप के बीच कुछ गलतफहमी पैदा हो गई थी। इस कारण वे कुछ समय तक भाजपा से दूर थे लेकिन वे मन से भाजपा के साथ थे। सानप के मन में हमेशा भाजपा रही है। इसलिए उनके दोबारा पार्टी में शामिल करने को लेकर उनसे कोई जोड़तोड़ नहीं करना पड़ा। उनके पार्टी में शामिल होने से नए और पुराने का कोई विवाद नहीं होगा। क्योंकि वे पार्टी के पुराने नेता हैं। 

जबकि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पाटील ने कहा कि महाविकास आघाड़ी के घटक दल अपने कार्यकर्ताओं को मनोबल बनाए रखने के लिए दावा करते रहते हैं कि भाजपा के नेता हमारी पार्टी में शामिल होंगे। लेकिन बीते 13 महीने में महाविकास आघाड़ी में कोई नहीं गया। पाटील ने कहा कि सानप को अगले दो से तीन दिनों में पार्टी में राज्य स्तर की जिम्मेदारी दी जाएगी। मेरी सानप से अपेक्षा है कि वे नाशिक के अलावा उत्तर महाराष्ट्र और राज्य की राजनीतिक करें। हमें सानप के साथ पहले हुई घटनाओं और गलतफहमी को भूलकर आगे चलना चाहिए। इस तरह की घटनाएं जो भूलते नहीं हैं वे बड़े नहीं होते। इसलिए पुरानी बातों पर चर्चा किए बिना पार्टी के लिए सभी को काम करना है।

आरएसएस-भाजपा में काम कर दूसरे दलों में रहना कठिन

वहीं सानप ने कहा कि मैंने सालों तक आरएसएस और भाजपा में काम किया था। दूसरे पार्टी में शामिल होने के बाद मुझे लगा कि कहीं चूक हुई है। इसलिए हमने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पार्टी में वापस आने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि आरएसएस-भाजपा के साथ काम करने वाले को दूसरी जगह पर काम करना बहुत कठिन होता है।  

इससे पहले साल 2019 के विधानसभा चुनाव भाजपा ने सानप का टिकट काट दिया था। इससे बाद उन्होंने राकांपा के टिकट पर नाशिक पूर्व सीट से विधानसभा चुनाव लड़ा थ। लेकिन सानप को चुनाव में हार मिली थी। इसके बाद सानप शिवसेना में शामिल हुए थे। लेकिन शिवसेना में अहम जिम्मेदारी नहीं मिलने से वे काफी समय से पार्टी से नाराज थे।

साल 2017 के नाशिक मनपा चुनाव में सानप ने भाजपा को बड़ी जीत दिलाई थी। अब नाशिक मनपा के आगामी चुनाव के मद्देनजर उनके भाजपा में दोबारा शामिल होने से पार्टी को मजबूती मिलने की उम्मीद है। सानप नाशिक मनपा के महापौर, उप महापौर, भाजपा के नाशिक शहर अध्यक्ष और विधायक रह चुके हैं। 

 

Tags:    

Similar News