बैंककर्मी बन ठग ने पुलिसकर्मी की पत्नी को लगाया चूना

बैंककर्मी बन ठग ने पुलिसकर्मी की पत्नी को लगाया चूना

Tejinder Singh
Update: 2019-05-13 14:08 GMT
बैंककर्मी बन ठग ने पुलिसकर्मी की पत्नी को लगाया चूना

डिजिटल डेस्क, मुंबई। खुद को बैंक का अधिकारी बताकर एक ठग ने पुलिसकर्मी की पत्नी को ही चूना लगा दिया। मामला नई मुंबई के रबाले इलाके का है। आरोपी ने झांसा देकर क्रेडिट कार्ड और ओटीपी हासिल किया और 1 लाख 20 हजार रुपए की खरीदारी कर डाली। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

मुंबई पुलिस में तैनात पुलिस सिपाही लक्ष्मण जायेभाये अपनी पत्नी के साथ रबाले के गोठीवली गांव में रहते हैं। करीब एक महीने पहले ही जायेभाये ने एसबीआई बैंक का क्रेडिट कार्ड लिया था। क्रेडिट कार्ड घर पर ही रहता था। वारदात के दिन गलती से वे अपना मोबाइल भी घर भूल गए। दोपहर में किसी शख्स ने मोबाइल पर फोन किया तो फोन जायेभाये की पत्नी ने उठाया। फोन करने वाले शख्स ने बताया कि वह एसबीआई बैंक से बोल रहा है और हाल ही में लिए गए क्रेडिट कार्ड की कुछ जानकारी चाहिए वरना कार्ड बंद हो जाएगा।

जायेभाये की पत्नी ने उस शख्स को क्रेडिट कार्ड से जुड़ी जानकारी तो दी है मोबाइल पर आया ओटीपी नंबर भी साझा कर दिया। इसके बाद जायेभाये के कार्ड से 1 लाख 20 हजार रुपए की खरीदारी कर ली गई। जायेभाये वापस घर लौटे तो मोबाइल पर संदेश देखकर वे हैरान हो गए। पूछताछ के दौरान पत्नी ने उन्हें मामले की जानकारी दी। इसके बाद जायेभाये ने रबाले पुलिस स्टेशन में शिकायत की। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ आईपीसी और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।  


 

Tags:    

Similar News