शरद पवार से पहले प्रतिमा आनावरण करने पहुंच गए भाजपा विधायक 

शरद पवार से पहले प्रतिमा आनावरण करने पहुंच गए भाजपा विधायक 

Tejinder Singh
Update: 2021-02-12 14:07 GMT
शरद पवार से पहले प्रतिमा आनावरण करने पहुंच गए भाजपा विधायक 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भाजपा के विधायक गोपीचंद पडलकर के पुणे के जेजुरी में अहिल्या देवी होलकर की प्रतिमा का अनावरण करने की कोशिश से विवाद पैदा हो गया है। दरअसल प्रतिमा का अनावरण शनिवार को राकांपा अध्यक्ष शरद पवार करने वाले हैं लेकिन पडलकर शुक्रवार सुबह अंधेरे में ही प्रतिमा के अनावरण की कोशिश की। उन्होंने प्रतिमा के अनावरण का एलान किया है। हालांकि प्रदेश के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कहा है कि पडलकर प्रतिमा का अनावरण नहीं कर पाए हैं। इस दौरान पडलकर ने पवार पर तल्ख टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि पवार जैसे गलत प्रवृत्ति के आदमी के हाथों प्रतिमा का अनावरण होने से अहिल्या देवी का अपमान होगा। राज्य के तमाम लोगों की भावना है कि भ्रष्ट आदमी (पवार) का हाथ अहिल्या देवी के चरण को न लगे। इसलिए मैं प्रतिमा के अनावरण हो जाने की घोषणा करता हूं। 

पडलकर के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया मामला 

वहीं गृह मंत्री देशमुख ने ट्वीट करके कहा कि पुलिस ने अहिल्या देवी के प्रतिमा का अनावरण करने की पडलकर की कोशिश गुरुवार को नाकाम कर दिया। पुलिस की ओर से पडलकर के खिलाफ उचित कार्रवाई की जा रही है। राकांपा अध्यक्ष पवार के हाथों शनिवार को प्रतिमा का औपचारिक अनावरण किया जाएगा। जबकि उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा कि भाजपा जैसे बड़े दल से टिकट पाने के बाद भी साल 2019 के विधानसभा चुनाव में पडलकर की जमानत जब्त हो गई थी। जनता ने पडलकर को स्वीकार नहीं किया है। मीडिया को उन्हें ज्यादा महत्व नहीं देना चाहिए। दूसरी ओर विधान परिषद में विपक्ष के नेता प्रवीण दरेकर ने कहा कि सरकार को पडलकर की भावना को समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह से अनाधिकृत रूप से अनावरण और उद्धाटन के कार्यक्रम पहले भी हो चुके हैं पर किसी पर मामला दर्ज नहीं होता है लेकिन पडलकर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। कानून सभी के लिए एक समान होना चाहिए। 

Tags:    

Similar News