महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा-शिवसेना युति का हुआ ऐलान, सीटों पर सस्पेंस

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा-शिवसेना युति का हुआ ऐलान, सीटों पर सस्पेंस

Tejinder Singh
Update: 2019-09-30 15:43 GMT
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा-शिवसेना युति का हुआ ऐलान, सीटों पर सस्पेंस

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश में सत्ताधारी भाजपा और शिवसेना चार सहयोगी दलों की महायुति के साथ महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में उतरेगी। सोमवार को भाजपा और शिवसेना की ओर से संयुक्त रूप से एक लिखित पत्र जारी करके गठबंधन की औपचारिक घोषणा की गई। हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया है कि कौन सा दल कितने सीटों पर चुनाव लड़ेगा। इस पत्र पर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील और शिवसेना के नेता व प्रदेश के उद्योग मंत्री सुभाष देसाई के हस्ताक्षर हैं।

दोनों नेताओं द्वारा जारी पत्र के अनुसार मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, शिवसेना पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे, केंद्रीय सामाजिक न्याय व अधिकारिता राज्य मंत्री व आरपीआई के अध्यक्ष रामदास आठवले, राष्ट्रीय समाज पक्ष के संस्थापक अध्यक्ष व पशुपालन मंत्री महादेव जानकर, रयत क्रांति संगठन के मुखिया व प्रदेश के कृषि राज्य मंत्री सदाभाऊ खोत और शिवसंग्राम के प्रमुख विनायक मेटे ने सर्वसहमति से महायुति कर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। सीटों के बंटवारे को लेकर जल्द ही घोषणा की जाएगी।

सूत्रों के अनुसार विधानसभा की 288 सीटों में से भाजपा मित्र दलों को मिलाकर 160 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। जबकि शिवसेना को करीब 128 सीटें मिलने वाली हैं। इससे पहले साल 2014 के विधानसभा चुनाव में युति टूटने के बाद भाजपा और शिवसेना ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था। भाजपा ने 122 और शिवसेना ने 63 सीटों पर जीत हासिल की थी। 
 

Tags:    

Similar News