राहुल के बयान पर भाजपा का तंज, कार्यकर्ताओं ने लगाई शिकंजी की दुकान

राहुल के बयान पर भाजपा का तंज, कार्यकर्ताओं ने लगाई शिकंजी की दुकान

Tejinder Singh
Update: 2018-06-14 13:43 GMT
राहुल के बयान पर भाजपा का तंज, कार्यकर्ताओं ने लगाई शिकंजी की दुकान

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक बयान का मजाक उड़ाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता जगह-जगह पकौड़ा तल रहे थे तो अब कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के शिकंजी-कोका-कोला को लेकर दिए गए बयान पर तंज कसने के लिए भाजपा कार्यकर्ता लोगों को मुफ्त में शिकंजी पिला रहे हैं। गुरुवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा, मुंबई के पदाधिकारियों ने दिन भर शहर के विभिन्न इलाकों में शिकंजी बेचकर अपनी किस्मत आजमाई। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के उस बयान पर व्यंग्य कसने के लिए शिकंजी की दुकान खोली थी जिसमें उन्होंने कहा था कि सुप्रसिद्ध शीतपेय कंपनी कोकाकोला का संस्थापक पहले शिकंजी बेचता था और मैकडोनॉल्ड जैसा विश्व प्रसिद्ध फूड आऊटलेट शुरू करने वाला व्यक्ति पहले सड़क के किनारे एक ढाबा चलाता था।

कांग्रेस अध्यक्ष के इस बयान पर हैरानी जताते हुए मुंबई भारतीय जनता युवा मोर्चा अध्यक्ष मोहित कंबोज ने कहा कि सूचनाओं का इतना ज्यादा अकाल उस व्यक्ति के पास आखिर कैसे हो सकता है जो देश भर में घूम-घूमकर अपने आपको 2019 के आम चुनाव में प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार कहता फिर रहा है। राहुल गांधी का बयान यही साबित करता है, कि उन्हें न तो देश की समझ है, न इतिहास की जानकारी है और न ही इस बात की कि किस कंपनी को किस व्यक्ति ने शुरू की। 

मोहित कंबोज ने कहा कि "2019 के स्वघोषित प्रधानमंत्री राहुल गांधी बाबा ने देश के युवाओं को अब तक तीन नई जानकारियां दी हैं। उनकी पहली जानकारी है आलू से सोना बनाने वाली मशीन, दूसरी जानकारी है, कोकाकोला के मालिक ने शिकंजी बेचकर कोकाकोला कंपनी शुरू की और तीसरी जानकारी है कि ढाबे में खाने की सामग्री बेचकर मैकडोनॉल्ड के संस्थापक ने इस कंपनी की शुरुआत की।" उन्होंने कहा कि भाजयुमो कार्यकर्ता शिकंजी इसीलिए बेच रहे हैं, क्योंकि राहुल गांधी के अनुसार जो शिकंजी बेचेगा  वह कोकाकोला जैसी कंपनी का मालिक बन जाएगा।

भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने शहर के विभिन्न हिस्सों में शिकंजी का ठेला लगाया और दिन भर आने-जाने वाले लोगों को नींबू पानी पिलाते रहे। उत्तर मुंबई में मालाड पश्चिम में एसवी रोड पर स्थित एनएल कॉलेज के सामने शिकंजी बेचने का ठेला भाजयुमो, मुंबई के महासचिव तेजिंदर सिंह तिवाना और उत्तर-मुंबई जिला अध्यक्ष सिद्धार्थ शर्मा की अगुवाई में लगाया गया।

Similar News