जरूरत के वक्त प्रवासी मजदूरों की मदद में आगे रहे भाजपा कार्यकर्ता

जरूरत के वक्त प्रवासी मजदूरों की मदद में आगे रहे भाजपा कार्यकर्ता

Tejinder Singh
Update: 2020-07-05 08:36 GMT
जरूरत के वक्त प्रवासी मजदूरों की मदद में आगे रहे भाजपा कार्यकर्ता

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि महाराष्ट्र में जिस समय प्रवासी मजदूरों को मदद की सबसे ज्यादा जरूरत थी, उस वक्त भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रवासी मजदूरों की मदद की। मैं भाजपा के कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करता हूं। मोदी ने मराठी भाषा में ये बातें कहीं। शनिवार को प्रधानमंत्री ने  वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाजपा द्वारा लॉकडाउन के दौरान किए गए सेवा कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान देश के सात राज्यों के भाजपा नेताओं ने कोरोना संकट के दौरान अपने-अपने द्वारा किए गए कार्यो की जानकारी दी। पार्टी के 'सेवा ही संगठन' कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा चंद्रकांत पाटील ने प्रस्तुतिकरण दी। दादर स्थित मुंबई भाजपा कार्यालय वसंत स्मृति में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस समेत पार्टी के नेता वरिष्ठ नेता मौजूद थे। पाटील ने कहा कि कोरोना संकट काल में हमने सीखा कि 'मोदी है तो मुमकिन है।' हर संकट में मार्ग निकलता है। पाटील ने कहा कि कोरोना संकट में लॉकडाउन के दौरान राज्य भर में 2 करोड़ 30 लाख लोगों तक मदद पहुंचाई गई। श्रमिक स्पेशल ट्रेनों से जाने वाली प्रवासी मजदूरों को 16 लाख 2 हजार 449 फूड पैकेट वितरित किए गए। पुणे से कश्मीर जाने वाली ट्रेन के यात्री भाजपा की मदद से प्रभावित हुए। जलगांव और अहमनगर के पास गाड़ी में हुई गर्भवती महिला की डिलीवरी में पार्टी कार्यकर्ताओं ने मदद की। पाटील ने बताया कि राज्य भर में 4 लाख 12 हजार 487 लोगों ने पीएम केयर फंड में मदद दी। मुंबई, पुणे समेत अन्य जिलों के भाजपा जनप्रतिनिधियों और आरएसएस की मदद से 2 लाख 65 हजार 400 लोगों की स्क्रीनिंग की गई। जिसके कारण प्राथमिक स्तर पर कोरोना के मरीज चिन्हित हो सके। 3 हजार नगर पालिका वार्ड और 5 हजार गावों में स्वच्छता अभियान चलाया गया।

नागपुर में विशेष एम्बुलेंस

उन्होंने कहा कि  नागपुर में अलग तरह की एंबुलेंस विकसित की गई, जो कोरोना मरीजों को अस्पताल में पहुंचाने में उपयोगी साबित हुई। राज्य में 60 मध्यवर्ती रसोई घर के माध्यम से 2 करोड़ 88 लाख लोगों को ताजा भोजन का पैकट उपलब्ध कराया गया। 68 लाख से ज्यादा फेस कवर्स-मास्क तैयार कर वितरित किये गए। 36 हजार 283 लोगों ने रक्तदान किया। निजी डॉक्टरों को 70 हजार पीपीई किट बांटे गए। राज्य में 52 लाख से अधिक लोगों ने आरोग्य सेतु एप डाउनलोड किया। महिला मोर्चा ने सेल्फी विद आरोग्य सेतु एप का अभियान चलाया। राज्य में 42.50 लाख परिवारों को राशन किट बांटे गए। खेतिहर मजदूर, आदिवासियों, मछुआरों और किन्नरों को राशन किट वितरित किया गया। 5 लाख लोगों को सस्ती सब्जी उपलब्ध कराने में सहयोग किया गया। मुंबई के घाटकोपर और कांदिवली में क्वारेंटाइन सेंटर खोले गए। पाटील ने कहा कि राज्य भर में 15 हजार वरिष्ठ नागरिकों और गर्भवती महिलाओं को घर तक दवाई पहुंचाई गई।

श्रीराम दुबे सहित 30 कार्यकर्ताओ की गई जान

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पाटील ने कहा कि कोरोना संकट में सेवा के दौरान भाजपा के 30 कार्यकर्ताओं का निधन हो गया। मुंबई के श्रीराम दूबे के निधन के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उनके परिवार वालों का हाल पूछा। पाटील ने बताया कि भाजपा के मदद कार्य में 1 लाख 21 हजार कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया।

Tags:    

Similar News