भाजयुमो ने कमलनाथ तो युवक कांग्रेस ने वीडी शर्मा का पुतला फूंका

- फव्वारा चौक और अनगढ़ हनुमान मंदिर के पास महज 5 मिनट के अंतराल से जले पुतले भाजयुमो ने कमलनाथ तो युवक कांग्रेस ने वीडी शर्मा का पुतला फूंका

Bhaskar Hindi
Update: 2021-10-13 17:13 GMT

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। भाजपा युवा मोर्चा और युवक कांग्रेस के बीच बुधवार शाम को आमने-सामने की स्थिति की नौबत आ गई। भाजयुमो कार्यकर्ता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पर की गई टिप्पणी के विरोध में शाम करीब 5 बजे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का पुतला दहन करने पहुंचे थे। इसकी भनक लगते ही युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता कांग्रेस भवन में जुटे और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा का पुतला लेकर फव्वारा चौक की ओर निकल पड़े।  टकराव की स्थिति न बने इसके लिए पुलिस व प्रशासन ने कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को कांग्रेस भवन के सामने, कोतवाली के पास रोकने का प्रयास किया। कांग्रेसी अनगढ़ हनुमान मंदिर के पास तक पहुंच गए तो एसडीएम व एएसपी ने दलबल के साथ मोर्चा संभाला और उन्हें रोक लिया। इस दौरान धक्का मुक्की की स्थिति भी बनी। शाम 5.13 बजे फव्वारा चौक पर युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने पुतला फूंका तो युवक कांग्रेस ने मंदिर के सामने 5.18 बजे पुतला जलाया।
भाजयुमो ने फव्वारा चौक पर प्रदर्शन कर जलाया पुतला:
फव्वारा चौक पर जमा हुए भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जुबान पर लगाम लगाओ जैसे नारे लगाए और प्रदर्शन किया। भाजपा जिला अध्यक्ष विवेक बंटी साहू ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ राजनीति एवं उम्र के इस पड़ाव पर उचित राजनीतिक भाषा का प्रयोग नहीं कर सकते और नियंत्रण नहीं रख सकते तो उन्हें युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं से ट्यूशन लेकर यह सीखना चाहिए कि राजनीति में किस तरीके से सभ्य भाषा का प्रयोग किया जाता है। युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अंकुर शुक्ला ने कहा कि संघर्ष कर प्रदेश अध्यक्ष के दायित्व तक पहुंचे नेता के खिलाफ स्तरहीन टिप्पणी संकीर्ण मानसिकता की परिचायक है। इस मौके पर पूर्व जिला अध्यक्ष ठाकुर दौलत सिंह, किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री संजय सक्सेना, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विजय झांझरी, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष संजय पटेल, नगर मंडलअध्यक्ष रोहित पोफली, अरुण चंदेल सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
युवक कांग्रेस ने अनगढ़ हनुमान मंदिर के सामने नारेबाजी कर फूंका पुतला
युवक कांग्रेस कार्यकर्ता शाम 5 बजे राजीव भवन में इक_ा होकर फव्वारा चौक पर प्रदर्शन के लिए निकले। पुलिस की रोक टोक के बावजूद अनगढ़ हनुमान मंदिर तक पहुंचे कांग्रेसी यहां से आगे नहीं बढ़ पाए। प्रशासन व पुलिस ने बलपूर्वक रोका तो प्रदेश सरकार व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का पुतला जलाया। युवा कांग्रेस कार्यवाहक अध्यक्ष उमेश चौहान व छिंदवाड़ा विधानसभा अध्यक्ष पिंचू बैस ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने मीडिया से कहा था कि कमलनाथ हर योजना छिंदवाड़ा ले जाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि कमलनाथ छिंदवाड़ा को मॉडल जिला बनाना चाहते हैं तो पूरे प्रदेश में अकेले श्री शर्मा को दिक्कत क्यों। इस अवसर पर सचिन वानखेड़े, रोहित बैस, आशीष शर्मा, आनंद राजपूत, फिरोज खान, कार्तिक वानखेड़े, आशीष साहू, असगर वासुअली, विक्रम अहाके, एकलव्य अहाके और राहुल मालवीय सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

 

Tags:    

Similar News