सोशल मीडिया से तस्वीरें चोरी कर बनाता था अश्लील फोटो, गुजरात से धराया ब्लैकमेलर  

सोशल मीडिया से तस्वीरें चोरी कर बनाता था अश्लील फोटो, गुजरात से धराया ब्लैकमेलर  

Tejinder Singh
Update: 2019-03-12 16:55 GMT
सोशल मीडिया से तस्वीरें चोरी कर बनाता था अश्लील फोटो, गुजरात से धराया ब्लैकमेलर  

डिजिटल डेस्क, मुंबई। सोशल मीडिया के जरिए अपनी तस्वीरें साझा करना ज्यादातर लोगों को बहुत अच्छा लगता है। लेकिन इसका किस तरह दुरुपयोग हो सकता है इसका एक मामला सामने आया है। पुलिस ने गुजरात के अहमदाबाद से एक 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है, जो सोशल मीडिया से नाबालिग लड़कियों की तस्वीरें चुराकर उनसे छेड़छाड़ कर अश्लील बनाता था फिर ब्लैकमेल करता था। 

आरोपी के खिलाफ वाकोला पुलिस स्टेशनों में दो लड़कियों ने 29 जनवरी और 1 फरवरी को शिकायत की थी। गिरफ्तार आरोपी का नाम जानम पुरवाल है। पुलिस को तकनीक में माहिर पोरवाल तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। एक अधिकारी ने बताया कि पोरवाल खास एप की मदद से लड़कियों की तस्वीरें सोशल मीडिया से चुराता था। इसके बाद वह तस्वीरों से छेड़छाड़ कर उन्हें अश्लील बना देता था।

अश्लील तस्वीरों को पुरवाल फर्जी अकाउंट बनाकर लड़कियों को भेजता था और संपर्क के लिए अपना नंबर भी देता था। आरोपी लड़कियों को उनकी तस्वीरें सार्वजनिक करने और पोर्न साइट पर डालने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने की कोशिश करता था। आरोपी लड़कियों से बात करने के लिए भी ऐप का इस्तेमाल करता था जिससे वह पकड़ा न जाए। पुरवाल लड़कियों से ऑनलाइन अश्लील बातचीत के लिए भी दबाव डालता था।

उसकी हरकतों से परेशान लड़कियों ने परिवार वालों को इसकी जानकारी दी जिसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई। डीसीपी अनिल कुंभारे ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि लोगों को सोशल मीडिया के इस्तेमाल के दौरान सुरक्षा से जुड़ी सावधानियों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी को 16 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।     

Similar News