अंध विश्वास - महुआ पेड़ को छूने उमड़ी भीड़, पुलिस ने खदेड़ा

अंध विश्वास - महुआ पेड़ को छूने उमड़ी भीड़, पुलिस ने खदेड़ा

Bhaskar Hindi
Update: 2020-01-16 14:19 GMT
अंध विश्वास - महुआ पेड़ को छूने उमड़ी भीड़, पुलिस ने खदेड़ा

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा/परासिया । जुन्नारदेव रोड पर स्थित ग्राम पंचायत इकलहरा में मंदिर के पास स्थित महुआ पेड़ के प्रति लोगों में अचानक आस्था उमड़ पड़ी। गुरुवार को सुबह से यहां सड़क पर जाम की स्थिति निर्मित हो गई। लोग पूजा करने और पेड़ को छूने के लिए बेताब नजर आए। स्थानीय जागरूक नागरिक और पुलिस बल ने यहां ट्रैफिक जाम करने वाले लोगों को खदेड़ा। 
तीन माह पहले होशंगाबाद जिले के पिपरिया तहसील क्षेत्र के गांव नयागांव में रिजर्व फारेस्ट के अंदर एक महुआ पेड़ के प्रति लोगों में अचानक आस्था उमड़ी थी। लगभग डेढ़ माह बाद प्रशासन ने यहां लोगों का प्रवेश रोककर स्थिति को नियंत्रित किया। गत माह अमरवाड़ा विधान सभा क्षेत्र की पंचायत आंचलकुंड के एक खेत में लगे महुआ पेड़ को लेकर भी इसी तरह की अफवाह उड़ी थी। यहां भी भीड़ लगने लगी थी। अब परासिया ब्लाक की पंचायत इकलहरा और अंबाड़ा के मध्य हाइवे के किनारे लगा महुआ पेड़ चर्चाओं में आ गया है। यहां प्रसिद्ध नाग मंदिर के समीप महुआ पेड़ है, जिसके एक ओर सड़क और दूसरी ओर ओपन कास्ट कोल माइंस है। स्थानीय निवासी ऋषि कश्यप कहते हैं कि अंधविश्वास के चलते यहां अचानक भीड़ होने से सड़क पर जाम लगने लगा और हादसा होने की आशंका बढ़ गई। पेड़ को छूने से रोग ठीक होने की अफवाहें फैलाई जा रही है। 
इनका कहना है--- 
कुछ लोग सड़क किनारे स्थित महुआ पेड़ की पूजा करने एकत्रित हुए, उसके बाद अन्य लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जिससे यातायात बाधित होने की सूचना मिली। यातायात में व्यवधान न उत्पन्न हो, इसके लिए आवश्यक कार्रवाई की गई। 
 

Tags:    

Similar News