पब-बार रेस्टोरेंट के लिए बीएमसी बनाएगी अलग नियम

पब-बार रेस्टोरेंट के लिए बीएमसी बनाएगी अलग नियम

Tejinder Singh
Update: 2018-01-02 09:42 GMT
पब-बार रेस्टोरेंट के लिए बीएमसी बनाएगी अलग नियम

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कमला मिल कंपाउंड जैसे भीषण अग्निकांड भविष्य में न हो इसके लिए मुंबई महागनर पालिका (बीएमसी) जल्द ही पब व बार के लिए अलग से विशिष्ट नियम बनाएगी। फिलहाल पब व बार की अग्निसुरक्षा को लेकर अलग से नियम नहीं है। इसके मद्देनजर मुंबई मनपा आयुक्त जल्द ही पब और बार के लिए अलग से दिशा-निर्देश जारी करने वाले हैं। मनपा प्रशासन में अब पब व बार को एनओसी जारी करने के लिए दो अलग-अलग विभाग बनाए जाएंगे।

नाइट लाईफ योजना को झटका

इस हादसे से पहले राज्य सरकार व मुंबई मनपा रातभर होटल व पब चालू रखने की योजना बना रही थी, लेकिन अब मुंबई की नाइट लाईफ से जुड़ा प्रस्ताव भी फिलहाल ठंडे बस्ते में चला गया है। जिसके तहत यहां के होटलों को सुबह पांच बजे तक खोले रखने की अनुमति देने की तैयारी चल रही थी।  

अतिशबाजी पर लगाएं रोक : चव्हाण 

पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा है कि राज्य सरकार व मनपा छत पर बने होटलों में अतिशबाजी और ऐसे खेलों के आयोजन पर रोक लगाए, जिससे जीवन को खतरा पैदा हो सकता है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस ने भी कमला मिल हादसे के जांच के आदेश दिए है। इसके तहत उन्होंने हाल के वर्षों में हुए फायर आडिट की भी जानकारी मंगाई है।  

पुलिस कांस्टेबल सुदर्शन शिंदे सम्मानित

मुंबई पुलिस आयुक्त दत्ता पड़सलगीकर ने सोमवार को कमला मिल कंपाउंड में मोजो और वन अबव पब में लगी आग के दौरान अपनी बहादुरी से कई लोगों की जान बचाने वाले पुलिस कांस्टेबल सुदर्शन शिंदे को सम्मानित किया। हादसे के बाद शिंदे घटना स्थल पर पहुंचनेवाले पहले पुलिसकर्मी थे। उन्होंने वहां पहुंचकर तुरंत लोगों को बचाने का काम शुरू कर दिया। शिंदे ने पब में फंसे लोगों को अपने कंधे पर उठाकर बाहर निकाला। बीते हफ्ते मुंबई के कमला मिल्स कंपाउंड में आग लगने की वजह से 14 लोगों की मौत हो गई। ये आंकड़ा और भी बढ़ सकता था, अगर कॉन्स्टेबल सुदर्शन शिवाजी शिंदे नहीं होते। 

                                        

Similar News