मुंबई में मिला घर से 5 लाख रुपए लेकर नांदेड से भागा लड़का

जानिए क्या है मामला मुंबई में मिला घर से 5 लाख रुपए लेकर नांदेड से भागा लड़का

Tejinder Singh
Update: 2022-02-19 12:55 GMT
मुंबई में मिला घर से 5 लाख रुपए लेकर नांदेड से भागा लड़का

डिजिटल डेस्क, मुंबई। पिता ने नए कपड़े नहीं दिलाए तो नांदेड के एक गांव में रहने वाला 15 साल का लड़का घर से 5 लाख रुपए लेकर दोस्त के साथ मुंबई भाग आया। यहां पहुंचते ही उसने एक लाख 20 हजार रुपए का एक आईफोन भी खरीद लिया। लेकिन इसी बीच सोशल मीडिया के जरिए मुंबई पुलिस को दो नाबालिग लड़कों के नांदेड से भागकर मुंबई आने की जानकारी मिली तो साइबर सेल हरकत में आई और दोनों लड़कों को एक घंटे के भीतर मुंबई के मालाड इलाके से बरामद कर लिया गया। दोनों लड़कों को सुरक्षित नांदेड पुलिस के हवाले कर दिया गया है। दोनों लड़कों के नाम पियुष गोरे और आशीष कांबले है। दोनों नांदेड के जूना कौठा गांव के रहने वाले हैं। पूछताछ में पियुष ने बताया कि उसने अपने पिता से तीन महीने पहले नए कपड़े दिलाने को कहा था लेकिन वे लगातार टालमटोल कर रहे थे। इससे नाराज होकर उसने घर में रखे पैसे लेकर भागने और खुद के लिए खरीदारी करने का फैसला किया। उसने अपने दोस्त आशीष को भी इसके लिए तैयार किया। पियुष घर में रखे पांच लाख रुपए लिए और आशीष के साथ भाग निकला। पियुष जब कई घंटों तक नजर नहीं आया तो उसके माता-पिता ने नांदेड ग्रामीण पुलिस स्टेशन में अगवा किए जाने की शिकायत की।

पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू की। इसी बीच मुंबई पुलिस को सोशल मीडिया के जरिए नांदेड के भागे युवक के मुंबई में होने की जानकारी मिली। साइबर सेल की डीसीपी रश्मी करंदीकर ने बताया कि बच्चे कम उम्र के थे और आशंका थी कि उन्हें किसी ने बहलाया फुसलाया हो, उनके पास पांच लाख रुपए नकद भी थे इसलिए उनकी तलाश के लिए तुरंत साइबर सेल की दो टीमें बनाई गई। सीनियर इंस्पेक्टर विजय चंदनशिवे के मार्गदर्शन में मोबाइल लोकेशन के आधार पर लड़कों के मालाड और दिडोशी इलाके में होने की जानकारी मिली। शुक्रवार शाम साढ़े सात बजे हमें ह्वाट्सएप के जरिए बच्चों की सूचना मिली थी और त्वरित कार्रवाई करते हुए साढ़े 8 बजे तक उन्हें खोज लिया गया। शनिवार को दोनों युवकों को नांदेड पुलिस के हवाले कर दिया गया है। 

 

Tags:    

Similar News