एक ही लड़की की दो दिन में दो बार कटी चोटी, हालत बिगड़ने के बाद अस्पताल रैफर

एक ही लड़की की दो दिन में दो बार कटी चोटी, हालत बिगड़ने के बाद अस्पताल रैफर

Bhaskar Hindi
Update: 2017-08-17 05:46 GMT
एक ही लड़की की दो दिन में दो बार कटी चोटी, हालत बिगड़ने के बाद अस्पताल रैफर

डिजिटल डेस्क, रीवा। महिलाओं की चोटी कटने की घटना को अफवाह कहें या फिर मानसिक रोग लेकिन रीवा जिले में सिलसिलेवार इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। इस बार एक अजीब मामला सामने आया है। रीवा जिले में एक 17 वर्षीय किशोरी की चोटी दो दिन में दो बार कट गई। यह पहला मामला है जब एक ही महिला या लड़की की दो बार चोटी कटी हो।

जानकारी के अनुसार पिछले दिनों सोहागी के ग्राम पचामा तथा रेरुआ और शाहपुर के ग्राम धरमपुरा में किशोरियों और महिला की चोटी कटने की घटना के बाद अब नईगढ़ी के ग्राम पहरखा में किशोरी और शाहपुर के ग्राम खटखरी में महिला की चोटी कटने का मामला प्रकाश में आया है। घटना के बाद किशोरी और महिला की हालत बिगड़ गई जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल कराया गया है।

ग्राम पहरखा में हुई घटना को लेकर बताया गया कि यहां की 17 वर्षीय सोनम शुक्ला पुत्री सुरसरी प्रसाद शुक्ला की दो दिन में दो बार चोटी कट गई। मंगलवार को पहली बार किशोरी की चोटी उस समय कट गई, जब वह अपने खेत में काम कर रही थी। वहीं बुधवार को एक बार फिर इसी किशोरी की चोटी दोबारा उस समय कट गई जब वह सुबह अपने घर में पुताई का कार्य कर रही थी।

बताया गया कि घटना के बाद किशोरी की हालत बिगड़ गई और परिजनों द्वारा उसे बेहोशी की हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय रीवा रेफर कर दिया है।

इसी तरह चोटी कटने का दूसरी घटना रीवा जिले के शाहपुर थानान्तर्गत ग्राम खटखरी में हुई। बीती रात यहां की 27 वर्षीय अस्लीमुनिशा महिला की चोटी कट गई। जिसकी जानकारी महिला को सुबह उस समय हुई। जानकारी के बाद महिला की हालत बिगड़ गई और परिजनों द्वारा उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मऊगंज में भर्ती कराया।

चोटी कटने की घटना का शिकार हुईं किशोरी और महिला ने होश आने पर बताया कि उनके साथ यह सब कैसे हुआ वे स्वयं नहीं जानती। परिजनों द्वारा घटना की सूचना संबंधित थाना की पुलिस को भी दी गई है।

Similar News