खडगे ने कहा- महाराष्ट्र में कांग्रेस की होगी अगली सरकार, थोरात सहित पांच कार्याध्यक्षों ने संभाली जिम्मेदारी  

खडगे ने कहा- महाराष्ट्र में कांग्रेस की होगी अगली सरकार, थोरात सहित पांच कार्याध्यक्षों ने संभाली जिम्मेदारी  

Tejinder Singh
Update: 2019-07-18 16:12 GMT
खडगे ने कहा- महाराष्ट्र में कांग्रेस की होगी अगली सरकार, थोरात सहित पांच कार्याध्यक्षों ने संभाली जिम्मेदारी  

डिजिटल डेस्क, मुंबई। लोकसभा चुनाव में मिली भारी पराजय से पार्टी को उबारने में जुटे कांग्रेस के महाराष्ट्र प्रभारी मल्लिकार्जुन खडगे ने उम्मीद जताई है कि राज्य में अगली सरकार कांग्रेस की ही बनेगी। उन्होंने कहा कि गांव-गांव में कांग्रेस की जड़े हैं। सभी लोग एक जुट होकर प्रयास करेंगे तो हमारी जीत तय है। गुरुवार को यशवंतराव चव्हाण सभागार में नव नियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बाला साहेब थोरात के पद ग्रहण समारोह के मौके पर खडगे ने कहा कि निर्वतमान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चव्हाण ने सभी को साथ लेकर अच्छा काम किया। जनता की समस्याओं को लेकर संर्घष किया। लेकिन दुर्भाग्य से उम्मीद के मुताबिक चुनाव परिणाम नहीं आए। कांग्रेस नेता ने कहा कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह की जोड़ी देश में तानाशाही लादना चाहती है। पैसे और सत्ता का दुरुपयोग कर विपक्ष की सरकारे गिराई जा रही हैं। 

नव नियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष थोरात ने कहा कि इस सरकार के राज में सभी परेशान हैं पर इससे सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। लोग विभिन्न दुर्घटनाओं में कीड़ो-मकोड़ो की तरह मर रहे हैं। लेकिन भाजपा-शिवसेना सरकार फर्जी विज्ञापनबाजी में व्यस्त है। उन्होंने दावा किया कि मैं इस सरकार का पर्दाफास करूगा। लोगों में सरकार के खिलाफ प्रचंड गुस्सा है। कांग्रेस नेता ने कहा कि हम 1980 की जीत दोहराएंगे। विधानसभा चुनाव परिणाम बिल्कुल अलग होगा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील के ‘कांग्रेस मुक्त महाराष्ट्र’ के बयान पर थोरात ने कहा कि पाटील का खुद का क्या होगा उन्हें पता नहीं और दावा कांग्रेस मुक्त महाराष्ट्र का कर रहे हैं। पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चव्हाण ने कहा कि हार की नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए मैंने इस्तीफा दिया था। उन्होंने कहा कि मैं नए प्रदेश अध्यक्ष को पूरा सहयोग दूंगा। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त कार्याध्यक्ष डॉ. नितीन राऊत, बसवराज पाटील, डॉ. विश्वजीत कदम, यशोमती ठाकूर व मुजफ्फर हुसेन ने भी पदभार ग्रहण किया। 

इस मौके पर पूर्व गृहमंत्री सुशीलकुमार शिंदे, पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार, विधानपरिषद के पूर्व उपसभापती माणिकराव ठाकरे, गुजरात के प्रभारी राजीव सातव,  हिमाचल प्रदेश की प्रभारी रजनी पाटील, किसान काँग्रेसचे अध्यक्ष नाना पटोले, पूर्व मंत्री हर्षवर्धन पाटील, कृपाशंकर सिंह,  विधायक नसीम खान, सचिन सावंत आदि नेता मौजूद थे।  

 

Tags:    

Similar News