कोरोना का असर : हाथ धोकर पॉस मशीन पर लगाना होगा अंगूठा, तब मिलेगा राशन

कोरोना का असर : हाथ धोकर पॉस मशीन पर लगाना होगा अंगूठा, तब मिलेगा राशन

Anita Peddulwar
Update: 2020-03-16 09:37 GMT
कोरोना का असर : हाथ धोकर पॉस मशीन पर लगाना होगा अंगूठा, तब मिलेगा राशन

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  कोरोना वायरस की दहशत का असर राशन दुकानों तक पहुंच गया है। खाद्यान्न विभाग के उपायुक्त ने नागपुर विभाग के सभी राशन दुकानों में हाथ धोने के लिए पानी, साबुन व सैनिटाइजर की व्यवस्था करने के निर्देश जारी किए हैं। खाद्यान्न आपूर्ति निरीक्षक को राशन दुकानों में जाकर यह व्यवस्था हुई या नहीं यह सुनिश्चित करने को कहा है। इसके अलावा पास मशीन को बार-बार साफ करने को भी कहा गया है।

दुकानदारों को खुद खर्च करने होंगे
सरकार राशन दुकानों से जरूरतमंदों को सस्ते दाम पर अनाज उपलब्ध कराती है। कोरोना संक्रमित रोग होने से एक रोगी से दूसरे रोगी तक यह रोग फैलने की संभावना रहती है। राशन दुकानों में एक दिन में कई लोग अनाज लेने पहुंचते हैं। सभी को प्वाइंट ऑफ सेल (पॉस) मशीन पर अंगूठा लगाना पड़ता है। अंगूठा मैच होने के बाद ही संबंधित को उसके कोटे का तय राशन दिया जाता है। बायोमेट्रिक मशीन पर एक के बाद एक कई लोगों के अंगूठे लगने पर वायरस फैलने का डर बना रहता है। कोरोना की रोकथाम के लिए खाद्यान्न विभाग के उपायुक्त की तरफ से नागपुर समेत विभाग के सभी 6 जिलों के िलए एक सर्कुलर जारी किया गया है। राशन दुकानदारों को हाथ धोने के लिए पानी, साबुन व सैनिटाइजर रखने को कहा गया है। अनाज लेने आने वाले लोग यहीं पर हाथ धोएंगे आैर उसके बाद पॉस मशीन पर अंगूठा लगाएंगे। इसी तरह मशीन को भी बार-बार साफ करने को कहा गया है। दुकानदारों को पानी, साबुन व सैनिटाइजर की व्यवस्था खुद अपने पैसे से करनी है।

राशन दुकानों में सैनिटाइजर नहीं 
राशन दुकानों में हाथ धोने के लिए पानी व साबुन तो उपलब्ध है, लेकिन सैनिटाइजर दिखाई नहीं दे रहा है। फिलहाल सैनिटाइजर की किल्लत चल रही है। अगर मिला भी तो उसकी ब्लैक मार्केटिंग हो रही है। राशन दुकानदार ऊंचे दाम पर सैनिटाइजर खरीदने में दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं।

सरकार उपलब्ध कराए सैनिटाइजर 
बाजार में सैनिटाइजर नहीं मिल रहे। इसलिए दुकानों में केवल पानी व साबुन ही रखा गया है। अनाज वितरित करने के साथ ही लोगों को हाथ धोने की सलाह भी दुकानदार दे रहे हैं। सरकार को हर दुकान में सैनिटाइजर उपलब्ध कराना चाहिए। इसका पैसा दुकानदार खुद देने को तैयार हैं। दुकानदार अपना काम छोड़कर सैनिटाइजर ढूंढ़ता रहे यह ठीक नहीं है। कोरोना की रोकथाम में हम सहयोग करने को तैयार हैं, लेकिन सैनिटाइजर नहीं मिल रहा।  -सुभाष मुसले, अध्यक्ष, राशन  दुकानदार संघ नागपुर

Tags:    

Similar News