बंद होंगी वेकोलि की 5 खदानें, 2000 कर्मचारियों पर संकट

बंद होंगी वेकोलि की 5 खदानें, 2000 कर्मचारियों पर संकट

Bhaskar Hindi
Update: 2017-08-22 15:10 GMT
बंद होंगी वेकोलि की 5 खदानें, 2000 कर्मचारियों पर संकट

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा। वेकोलि (वेस्टर्न कोल फील्ड्स लिमिटेड) के पेंच और कन्हान एरिया की पांच खदानों को बंद करने के निर्णय ने न सिर्फ इन खदानों में पदस्थ कर्मचारियों की की नींदें उड़ा दी हैं, बल्कि पाथाखेड़ा से पेंच-कन्हान में वापसी की कवायद में जुटे करीब 550 कर्मचारियों की उम्मीदों पर भी ग्रहण लगा दिया है।

पेंच और कन्हान क्षेत्र की जिन 5 खदानों को बंद किया जाना है उनमें 2000 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं। पेंच की गणपति और कन्हान की भवानी माइन को बंद करने की हलचल भी शुरू हो गई है। इन खदानों के कर्मचारियों को दूसरी खदानों में बमुश्किल एडजस्ट किया जा रहा है। ऐसे में पाथाखेड़ा से वापसी का प्रयास कर रहे कर्मचारियों को किन खदानों में रखा जाएगा, यह संकट खड़ा हो गया है। 

102 कर्मचारियों की सूची जारी करने के बाद निरस्त की

साल भर पहले 25 अगस्त 2016 को वेकोलि मैनेजमेंट ने 102 कर्मचारियों की पाथाखेड़ा से पेंच एरिया के लिए ट्रांसफर आदेश जारी किया था। यूनियनबाजी के चलते नाटकीय ढंग से उक्त आदेश तत्काल निरस्त भी कर दिया गया था। उक्त आदेश जमीन से प्रभावित कर्मचारियों की वापसी के लिए जारी किया गया था। 

आश्रितों की वापसी बन गई थी मुद्दा

पूर्व में जारी हुई ट्रांसफर सूची के बाद कुछ यूनियनों ने आश्रित कर्मचारी, महिला, VRS वाले कर्मचारियों का भी वापसी का मुद्दा उठा दिया था। यूनियन सभी कर्मचारियों को एक साथ ट्रांसफर का आदेश चाह रही थी, जिससे जमीन गंवाने वाले कर्मचारियों की वापसी का आदेश निरस्त हो गया था। 

जमुनिया पठार से मिल सकती है राहत

खदानें बंद किए जाने के निर्णय से चिंतित कर्मचारियों को पेंच क्षेत्र की जमुनिया पठार खदान राहत दे सकती है। कास्ट प्लस योजना की उक्त खदान को शुरू कर कर्मचारियों की को नया ठिकाना दिया जा सकता है। कुल 22.27 मिलियन टन कोयला भंडार क्षमता वाली उक्त खदान में डेढ़ हजार से अधिक कर्मचारियों की आवश्यकता पड़ सकती है।  

5 खदानों में कितने कर्मचारी

गणपति माइन पेंच क्षेत्र     286

विष्णुपुरी वन पेंच क्षेत्र      346

विष्णुपुरी टू पेंच क्षेत्र        350

भवानी कन्हान क्षेत्र         417

मुआरी कन्हान क्षेत्र         627

 

Similar News