31 दिसंबर तक होगा नए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव, सोले को सह चुनाव अधिकारी की जिम्मेदारी

31 दिसंबर तक होगा नए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव, सोले को सह चुनाव अधिकारी की जिम्मेदारी

Tejinder Singh
Update: 2019-11-06 14:14 GMT
31 दिसंबर तक होगा नए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव, सोले को सह चुनाव अधिकारी की जिम्मेदारी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में नई सरकार बनाने की उलझन के बीच भाजपा ने संगठनात्मक चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष का चयन 31 दिसंबर तक होगा। बुधवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में पार्टी के संगठनात्मक चुनाव की रुपरेखा तय की गई। भाजपा के वरिष्ठ नेता व वित्त मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने बताया कि पार्टी के संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया 31 दिसंबर तक पूरी कर ली जीएगी। इसके तहत प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष का चुनाव होगा। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष के चुनाव से पहले पार्टी के मंडल अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, बूथ समिति के अध्यक्ष का चुनाव होगा। मुनगंटीवार ने कहा कि भाजपा का विस्तार सर्वव्यापी करने के लिए संगठन में युवा, महिला, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, वंचित और दुर्बल जाति को प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। मुनगंटीवार ने कहा कि प्रदेश भाजपा के वर्तमान अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील बने रहेंगे अथवा नहीं इस पर संगठनात्मक स्तर पर फैसला होगा। प्रदेश अध्यक्ष पाटील का कार्यकाल 31 दिसंबर को खत्म हो रहा है। इसलिए संगठन के चुनाव की तैयारी की गई है। लोकसभा चुनाव बाद भाजपा के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष रावसाहब दानवे के मोदी सरकार में राज्य मंत्री बनने के बाद प्रदेश अध्यक्ष पद पर पाटील को नियुक्त किया गया था। 

संगठनात्मक चुनाव के लिए समिति गठित

भाजपा ने प्रदेश के संगठनात्मक चुनाव के लिए निर्वाचन समिति का गठन किया है। प्रदेश भाजपा के महासचिव सुरेश हलवणकर चुनाव अधिकारी होंगे। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. भागवत कराड और प्रदेश सचिव प्रा. अनिल सोले को सहचुनाव अधिकारी बनाया गया है। भाजपा के पूर्व केंद्रीय मंत्री व पार्टी के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी राधामोहन सिंह ने निर्वाचन समिति का गठन किया है। 

प्रदेश भाजपा में संगठनात्मक चुनाव की तैयारी, सोले बने सह चुनाव अधिकारी

चुनाव कार्य के लिए निर्वाचन समिति बनायी गई है। विधानपरिषद सदस्य प्रा.अनिल सोले सह चुनाव अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। संगठन के केंद्रीय चुनाव अधिकारी राधामोहनसिंह ने यह नियुक्ति की है। समिति में मुख्य चुनाव अधिकारी सुरेश हलवणकर, सह चुनाव अधिकारी डॉ.भागवत कराड शामिल है। प्रा.सोले की नियुक्ति पर जिले के सभी भाजपा विधायक व पदाधिकारियों ने अभिनंदन किया है। प्रा.सोेले को संगठनात्मक मामले में कुशल रणनीतिकार माना जाता है। नागपुर मनपा में 5 बार नगरसेवक रहे हैं। संगठनात्मक मामलों में उनकी कुशलता को देखते हुए उन्हें भाजपा ने मनपा में सत्ता पक्ष नेता बनाया था। भाजपा के शहर अध्यक्ष भी रहे हैं। बाद में वे महापौर भी चुने गए। महापौर रहते हुए उनके कार्यों को काफी सराहा गया। 2012 में वे मेयर काउंसिल आफ महाराष्ट्र के उपाध्यक्ष चुने गए थे। 2014 में मेयर काउंसिल आफ इंडिया के अध्यक्ष भी रहे। विविध चुनावों में वे प्रदेश स्तर पर भाजपा में संगठनात्मक कार्यों की जिम्मेदारी संभालते रहे हैं। फिलहाल स्नातक निर्वाचन क्षेत्र नागपुर विभाग से विधानपरिषद सदस्य हैं। 

Tags:    

Similar News