फडणवीस का तंज - राहुल को राष्ट्रीय नेता कहना बैलों को नहीं लगा अच्छा!

फडणवीस का तंज - राहुल को राष्ट्रीय नेता कहना बैलों को नहीं लगा अच्छा!

Tejinder Singh
Update: 2021-07-11 13:03 GMT
फडणवीस का तंज - राहुल को राष्ट्रीय नेता कहना बैलों को नहीं लगा अच्छा!

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मुंबई में प्रदर्शन के दौरान हादसे को लेकर भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने कांग्रेस पर तंज कसा है। उन्होंने कहा है- राहुल गांधी को राष्ट्रीय नेता कहना, बैलों को भी अच्छा नहीं लगा होगा। इसलिए बैल, गाड़ी छोड़कर भागने लगे। फडणवीस ने यह भी कहा कि वे राहुल गांधी को शुभकामनाएं देते हैं। महंगाई को लेकर केंद्र सरकार के विराेध में मुंबई में कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान बैलगाड़ी टूटने से कुछ वरिष्ठ कांग्रेस नेता गिर पड़े थे। इस हादसे पर फडणवीस ने शनिवार को प्रतिक्रिया दी।

वडेट्टीवार को लेकर भी कांग्रेस पर ताना मारा 

विमानतल पर पत्रकारों से चर्चा में उन्होंने राज्य के बहुजन कल्याण मंत्री विजय वडेट्टीवार को लेकर भी कांग्रेस पर ताना मारा। बियर बार में वडेट्टीवार की तस्वीर की पूजा के मामले को लेकर कहा कि, इस सरकार के रहते राज्य में सटोरियों और अन्य लोगों की भी ऐसे ही पूजा होने लगेगी। केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सांसद प्रतिभा मुंडे की नाराजगी के विषय पर उन्होंने कहा कि, इस मामले में पूर्व मंत्री पंकजा मुंडे जवाब दे चुकी हैं। अलग से स्पष्टीकरण देने की आवश्यकता नहीं है। 

नया सहकार विभाग बनने से  भय बढ़ गया 

एक सवाल पर उन्होंने कहा कि, जिन लोगों ने सहकार क्षेत्र में अनुचित कार्य किए, सहकारी संस्थाओं को डुबोया उन्हें केंद्र में नया सहकार विभाग बनने से भय लगने लगा है। अमित शाह पहले से सहकार क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उनकी राजनीति की शुरुआत ही सहकार क्षेत्र से हुई है। मनपा चुनाव के संदर्भ में कहा कि, भाजपा पूरी ताकत के साथ चुनाव कार्य में लगी है। 

जनसंपर्क बढ़ाएं, एकजुटता से काम करें और नाराजगी दूर करें

फरवरी 2022 में होने जा रहे मनपा चुनाव के लिए भाजपा एक्टिव मोड में आ गई है। पूर्व मुख्यमंत्री व विरोधी पक्षनेता देवेंद्र फडणवीस ने भाजपा नगरसेवकों में उत्साह भरते हुए उन्हें काम पर लगने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि, नगरसेवक अपने क्षेत्रों में ज्यादा से ज्यादा जनसंपर्क बढ़ाएं। अपने और पार्टी द्वारा किए गए कामों को जनता तक पहुंचाएं। प्रभाग में अलग-अलग काम करने के बजाय एकसाथ मिलकर काम करें। लोगों की नाराजगी दूर करने का प्रयास करें। छोटी-छोटी समस्याओं को प्राथमिकता देकर बड़े कामों पर फोकस करें। शनिवार को रामदासपेठ स्थित एक होटल में विरोधी पक्षनेता फडणवीस ने आगामी चुनाव के मद्देनजर भाजपा नगरसेवकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। 

काम का लेखा-जोखा जनता के सामने रखें

देवेंद्र  फडणवीस ने नगरसेवकों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि, चुनाव में जाते समय नगरसेवकों को पांच वर्ष में किए गए कामों का लेखा-जोखा जनता के सामने रखना होगा। कौन-कौनसे काम किए, पुस्तिका छापकर घर-घर पहुंचाएं। जनसंपर्क पर जोर दें। संगठन के साथ नगरसेवक समन्वय बनाकर काम करें। पार्टी मजबूत करने पर जोर दें। जनता के सामने जाते समय ओबीसी आरक्षण का मुद्दा प्रमुखता से रखें। ओबीसी आरक्षण पर पार्टी की भूमिका और राज्य सरकार की भूमिका विस्तार से रखें। मराठा आरक्षण मामले में  राज्य सरकार कैसे विफल रही, यह भी जानकारी दें। 

समस्याओं को प्राथमिकता दें : महापौर

महापौर दयाशंकर तिवारी व स्थायी समिति सभापति प्रकाश भोयर ने मनपा की योजनाओं की जानकारी देते हुए आर्थिक स्थिति सामने रखी। पदाधिकारियों ने बताया कि, कोविड के कारण निधि में कटौती हुई है, इसलिए बड़े कामों के लिए बजट में पर्याप्त निधि नहीं मिलेगी। छोटे-छोटे फंड से काम करने का प्रयास करना होगा, इसलिए छोटी-छोटी समस्याओं को प्राथमिकता दें।  
 

 

 

 

Tags:    

Similar News