कर्ज से परेशान किसान ने की आत्महत्या, एक और शख्स ने लगाई फांसी

कर्ज से परेशान किसान ने की आत्महत्या, एक और शख्स ने लगाई फांसी

Tejinder Singh
Update: 2021-02-07 12:06 GMT
कर्ज से परेशान किसान ने की आत्महत्या, एक और शख्स ने लगाई फांसी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कोंढाली से करीब 14 किमी दूर स्थित चंदनपार्डी गांव के किसान ने  कर्ज तथा फसल नहीं होने से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पत्नी द्वारा कोंढाली पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत के अनुसार, चंदनपार्डी निवासी सूरतराम महिपतराव खवसे (55) बुधवार 3 फरवरी को घर से सोयाबीन के दो कट्टे लेकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। शुक्रवार 5 फरवरी को सूरतराम के खेत के कुएं में किसी व्यक्ति का शव नजर आया। चंदनपार्डी के पुलिस पाटील उमेश खवसे ने कोंढाली पुलिस को सूचना दी। कोंढाली के थानेदार विश्वास फुलरवार मौके पर पहुंचे। कुएं से शव बाहर निकाला गया, जिसकी पुष्टि सूरतराम खवसे के रूप में हुई।  पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए काटोल के शासकीय अस्पताल भेजा गया। शनिवार 6 फरवरी को सूरतराम का अंतिम संस्कार किया गया। पत्नी ने बताया कि आए दिन वह परिवार के सदस्यों व बैंक तथा अन्य लोगों से लिए गए कर्ज का जिक्र करते रहते थे।  

कुएं में गिरने से किशोरी की मौत

उधर सार्वजनिक कुएं में पानी भरते समय संतुलन बिगड़ने से प्रगति सुरेश शेवले (19) की कुएं में डूबकर मौत हो गई। घटना गुरुवार 4 फरवरी की शाम करीब 5 से 6 बजे के दौरान बोरगाव (बोरीमजरा) गांव में हुई। पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार रोजाना की तरह गुरुवार काे प्रगति कुएं से पानी भरने गई थी, इस बीच अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और सीधे कुएं में जा गिरी। अन्य महिलाओं के शाेर-शराबा सुनकर कुछ ग्रामीणांे की मदद से प्रगति को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक प्रगति की मौत हो चुकी थी। पिता सुरेश शेवले की शिकायत पर कलमेश्वर पुलिस स्टेशन में आकस्मिक मृत्यु के तहत मामला दर्ज किया गया। आगे की जांच पुलिस कर रही है।

फांसी लगाकर की आत्महत्या

नया पुलिस स्टेशन अंतर्गत कुंभारे काॅलोनी निवासी रवि श्यामराव सहारे (38) ने सीलिंग फैन से रस्सी के सहारे फांसी लगा ली। हालांकि खुदकुशी की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रवि की पत्नी काम पर गई हुई थी। उस दौरान अकेला होने पर रवि ने यह आत्मघाती कदम उठाया। रंजना रवि सहारे (35) की शिकायत पर पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु के तहत मामला दर्ज किया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया।

 

Tags:    

Similar News