विवाद मेें पिता के सिर पर मारी लाठी, मौत - हिवरखेड़ी चौकी का मामला, बेटे पर हत्या का मामला दर्ज

विवाद मेें पिता के सिर पर मारी लाठी, मौत - हिवरखेड़ी चौकी का मामला, बेटे पर हत्या का मामला दर्ज

Bhaskar Hindi
Update: 2021-06-05 08:21 GMT
विवाद मेें पिता के सिर पर मारी लाठी, मौत - हिवरखेड़ी चौकी का मामला, बेटे पर हत्या का मामला दर्ज

 डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। हिवरखेड़ी चौकी क्षेत्र के ग्राम कान्हाटोला में गुरुवार रात पिता-पुत्र का विवाद हो गया। विवाद में बेटे ने पिता पर लाठी से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट आने से घायल को जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को अभिरक्षा में ले लिया है। वहीं उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। चौकी प्रभारी जीआर चंद्रवंशी ने बताया कि अमरवाड़ा के ग्राम लिंगपानी निवासी 48 वर्षीय बलवान पिता चरणलाल आयाम और उसका बेटा 24 वर्षीय रोहित आयाम तरबूज बेचने का काम करते है। गुरुवार को दोनों बारहबरियारी तरबूज खरीदने आए थे। तरबूज खरीदी को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद रोहित अपने नाना के घर कान्हाटोला आ गया। रात में बलवान भी अपने पिकअप वाहन से कान्हाटोला पहुंचा। यहां दोनों के बीच दोबारा विवाद हो गया। विवाद में रोहित ने पिता बलवान पर लाठी से हमला कर दिया था। गंभीर रुप से घायल बलवान को परिचितों ने 108 एम्बुलेंस से जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया था। यहां इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह लगभग 10.30 बजे बलवान की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया है।  
अस्पताल पहुंचा बेटा, पुलिस ने पकड़ा-
बताया जा रहा है कि जिला अस्पताल में भर्ती बलवान से मिलने शुक्रवार सुबह पत्नी, बेटी के साथ बेटा रोहित भी अस्पताल पहुंचा था। इसी बीच बलवान की मौत हो गई। अस्पताल चौकी में परिजन घटना को लेकर लगातार गलत जानकारी दे रहे थे। पुलिस ने संदेह के आधार पर रोहित को पकड़कर कोतवाली पहुंचा दिया था। हिवरखेड़ी पुलिस द्वारा लिए बयान और पीएम में खुलासा हुआ कि बलवान की मौत सिर पर आई चोट से हुई है।
 

Tags:    

Similar News