अलग अलग मामलों में सवा दो करोड़ रुपए की विदेशी मुद्रा, सोना और प्रतिबंधित दवाएं जब्त

अलग अलग मामलों में सवा दो करोड़ रुपए की विदेशी मुद्रा, सोना और प्रतिबंधित दवाएं जब्त

Tejinder Singh
Update: 2018-05-20 10:37 GMT
अलग अलग मामलों में सवा दो करोड़ रुपए की विदेशी मुद्रा, सोना और प्रतिबंधित दवाएं जब्त

डिजिटल डेस्क, मुंबई। एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) ने मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सवा दो करोड़ 29 लाख रुपए की विदेशी मुद्रा और सोने की तस्करी की कोशिश कर रहे पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एयर इंडिया का कर्मचारी और दो महिलाएं भी शामिल हैं। शुक्रवार को AIU ने एयर इंडिया की फ्लाइट से सिंगापुर उड़ान भरने की तैयारी कर रहीं कृति पसद और उजमा खान को रोककर उनके सामान की तलाशी ली तो उसमें 2 लाख 24 हजार 100 अमेरिकी डॉलर और 3200 सिंगापुर डॉलर मिले। दोनों विदेशी मुद्रा जानकारी दिए बिना ले जाने की कोशिश कर रही थीं। बरामद विदेशी मुद्रा की कीमत 1 करोड़ 51 लाख 63 हजार 15 रुपए है। दोनों यात्रियों के खिलाफ कस्टम्स और फेमा कानून की संबंधित धाराओं के तहत  एफआईआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

इसी तरह अरशद खान नाम के एक एयरइंडिया कर्मचारी को सोना तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 79 लाख रुपए का सोना बरामद किया गया जिसे वह जूते में छिपाकर तस्करी की कोशिश कर रहा था। मामले में सलीम इनामदार और अनवर अली नाम के दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है जो खान से सोना लेने आए थे।

DRI ने जब्त की ढाई किलो प्रतिबंधित दवाएं
दूसरे एक मामले में राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने छत्रपति शिवाजी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक यात्री के पास से ढाई किलो से ज्यादा प्रतिबंधित फेनसाइक्लिडिन दवाएं बरामद की हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर दवाएं जब्त कर ली गई हैं। बरामद दवाओं की कीमत साढ़े 32 लाख रुपए है। बरामद दवा गोलियों के रुप में थी। आरोपी बड़ी चालाकी से सूटकेस के निचले हिस्से में गोलियां छिपाकर तस्करी की कोशिश कर रहा था। DRI अधिकारियों द्वारा शक के आधार पर छानबीन के दौरान गोलियां बरामद की गई। आरोपी कालीकट का रहने वाला है और सऊदी अरब के रियाद जाने की कोशिश कर रहा था। बरामद गोलियों का कुल वजन दो किलो 530 ग्राम है। इन गोलियों का इस्तेमाल नशे के रुप में भी किया जाता है। फेनसाइक्लिडिन दवाओं का अमेरिका में काफी प्रयोग होता था, लेकिन इसके दुष्प्रभावों को देखते हुए अमेरिका ने इस पर पाबंदी लगा दी है। गिरफ्तार आरोपी से यह जानने की कोशिश की जा रही है कि वह दवाएं कहां से लाया और उसे किन लोगों तक पहुंचाने की कोशिश कर रहा था।

Similar News