ठाणे में पूर्व मुंबई पुलिस आयुक्त परमबीर से हुई चार घंटे पूछताछ

जबरन वसूली मामला ठाणे में पूर्व मुंबई पुलिस आयुक्त परमबीर से हुई चार घंटे पूछताछ

Tejinder Singh
Update: 2021-11-26 15:58 GMT
ठाणे में पूर्व मुंबई पुलिस आयुक्त परमबीर से हुई चार घंटे पूछताछ

डिजिटल डेस्क, मुंबई। जबरन वसूली के मामले में मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त और पुलिस महानिदेशक (होमगार्ड) परमबीर सिंह शुक्रवार को ठाणे की नगर पुलिस स्टेशन में बयान दर्ज कराने पहुंचे। सोनू जलान और केतन तन्ना नाम के कारोबारियों की शिकायत के आधार पर सिंह समेत 28 लोगों के खिलाफ इसी साल जुलाई महीने में मामला दर्ज किया गया था। पूर्व पुलिस अधिकारी प्रदीप शर्मा, डीसीपी दीपक देवराज, सीनियर इंस्पेक्टर राजकुमार कोथमिरे, माफिया सरगना रवि पुजारी, दाऊद गिरोह से जुड़ा तारिक परवीन,  बिल्डर संजय पुनमिया भी आरोपियों में शामिल है। तन्ना का दावा है कि उसे झूठे मामले में फंसाकर सवा करोड़ रुपए वसूले गए। सिंह शुक्रवार सुबह साढ़े 10 बजे के करीब अपने वकील के साथ पुलिस स्टेशन पहुंचे और करीब 4 घंटे बाद बाहर निकले। वहीं ठाणे पुलिस ने इस मामले की छानबीन के लिए डीसीपी स्तर के अधिकारी की अगुआई में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन कर दिया है। इससे पहले गुरूवार को सिंह जबरन वसूली के एक और मामले में मुंबई पुलिस के सामने पेश हुए थे। 

राज्य सरकार कर सकती हैं सिंह पर कार्रवाई

गृहमंत्री दिलीप वलसे-पाटील ने संकेत दिए हैं कि राज्य सरकार परमबीर सिंह के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रही है। शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में वलसे-पाटील ने कहा कि पुलिस सेवा नियमावली के तहत जो कार्रवाई की जा सकती है वह कार्रवाई सिंह के खिलाफ की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस मामले में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से बातचीत कर आगे की कार्रवाई के बारे में फैसला किया जाएगा। दरअसल राज्य के पुलिस महानिदेशक (होमगार्ड) पद पर तैनात करीब 280 दिन से लापता थे और गुरूवार को ही मुंबई वापस लौटे हैं। सरकार से इजाजत लिए बिना इतने दिन तक ड्यूटी से नदारद रहे सिंह के खिलाफ कार्रवाई पर विचार किया जा रहा है।   

सिंह के खिलाफ गैरजमानती वारंट रद्द

जबरन वसूली मामले में ठाणे सत्र न्यायालय ने मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह के खिलाफ गैरजमानती वारंट रद्द कर दिया है। शुक्रवार को सिंह की पेशी के बाद अदालत ने 15 हजार का निजी मुचलका भरने को कहा साथ ही जब भी बुलाया जाए पूछताछ के लिए हाजिर रहने के निर्देश दिए। शर्ते स्वीकार करने के बाद अदालत ने उनके खिलाफ जारी वारंट रद्द कर दिया। सिंह के वकील राजेंद्र मोकाशी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अदालत को जानकारी दी गई कि खराब स्वास्थ्य की वजह से इससे पहले अदालत और जांच अधिकारी के सामने पेश नहीं हो सके थे। आगे जब भी समन भेजा जाएगा वे पेश होंगे। सोनू जलान और केतन तन्ना नाम के कारोबारियों की शिकायत के आधार पर दर्ज जबरन वसूली के मामले में सिंह के खिलाफ यह वारंट जारी किया गया था।   
 

Tags:    

Similar News