सस्ते घर खरीदने की चाह बस ड्राइवर को पड़ी महंगी, 19 लाख की ठगी का शिकार

सस्ते घर खरीदने की चाह बस ड्राइवर को पड़ी महंगी, 19 लाख की ठगी का शिकार

Bhaskar Hindi
Update: 2017-10-25 13:17 GMT
सस्ते घर खरीदने की चाह बस ड्राइवर को पड़ी महंगी, 19 लाख की ठगी का शिकार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र हाउसिंग ऐंड डिवेलपमेंट अथॉरिटी (म्हाडा )) का घर दिलाने के नाम पर साढ़े 19 लाख रुपए का चूना लगाने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मामले में पांच और लोगों की तलाश है। आरोपियों ने 25 लाख रुपए में परेल इलाके में घर दिलाने का वादा किया था। पैसे देने के लिए शिकायतकर्ता ने अपना पुराना घर तक बेच दिया। इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों के नाम जावेद पटेल और संपन्न परब है।

म्हाडा का घर खरीदने की थी इच्छा 

गोरेगांव इलाके में रहने वाले शिकायतकर्ता विजय कांबले बेस्ट बस के ड्राइवर हैं। अपने साथ ही काम करने वाले परब से उन्होंने म्हाडा का घर खरीदने की इच्छा जताई थी। परब ने कांबले को बताया कि उसकी जान पहचान में पटेल नाम का एक ऐसा शख्स है जिसके म्हाडा के आला अधिकारियों के साथ अच्छे संपर्क हैं और वह घर दिलाने में मदद कर सकता है। इसके बाद कांबले ने दो किश्तों में आरोपियों को अपना पुराना घर बेंचकर 18 लाख रुपए दे दिए। इसके बाद पटेल शिकायतकर्ता को परेल के परिमल टॉवर में स्थित एक फ्लैट दिखाया। फ्लैट पसंद आने के बाद कांबले से म्हाडा लॉटरी 2014 के नाम पर पांच लाख का चेक लिया गया। यह चेक अनिल नाम के शख्स ने लिया। करीब साढ़े 19 लाख रुपए देने के बावजूद कांबले को बार-बार म्हाडा के ऑफिस परिसर में बुलाकर आरोपी सिर्फ झांसा देते रहे। 

जब ठगा सा महसूस हुआ तो थाने पहुंचे

लंबा वक्त गुजर जाने के बावजूद जब फ्लैट या पैसा वापस नहीं मिला तो कांबले ने खेरवाडी पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने दूसरे लोगों के साथ भी इसी तरह की ठगी की है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उनका साथ देने वाले पांच और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Similar News