एयरपोर्ट पर पकड़ा गया 32 करोड़ का सोना, एक दिन में अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी

मुंबई एयरपोर्ट पर पकड़ा गया 32 करोड़ का सोना, एक दिन में अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी

Tejinder Singh
Update: 2022-11-13 15:44 GMT
एयरपोर्ट पर पकड़ा गया 32 करोड़ का सोना, एक दिन में अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कस्टम अधिकारियों ने मुंबई छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से एक दिन में 32 करोड़ रुपए के सोना बरामद किया है। दो अलग-अलग मामलों में 61 किलो सोने के साथ कुल सात आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं जिनमें दो महिलाएं हैं। कस्टम विभाग की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे परएक दिन में यह अब तक की तस्करी के सोने की सबसे बड़ी बरामदगी है। बरामदगी की यह कार्रवाई शुक्रवार को हुई। पहले मामले में तंजानिया से चार भारतीय नागरिक मुंबई पहुंचे थे। यात्री कतर के दोहा से होते हुए मुंबई पहुंचे थे इसलिए कस्टम अधिकारियों को संदेह बढ़ गया। एक अधिकारी ने बताया कि तस्करी करने वालों की पहचान के लिए डेटा बेस तैनात किया गया है। जिसके आधार पर खासतौर पर अफ्रीकी और मध्य पूर्व के देशों की ज्यादा यात्राएं करने वाले और खास उड़ाने से सफर करने वाले यात्रियों पर नजर रखी जाती है। इसी आधार पर इस समूह की भी पहचान की गई। हवाई अड्डे पर तैनात कस्टम अधिकारियों ने चारों यात्रियों की तलाशी ली तो उनके पास एक-एक किलो के सोने के 53 बिस्किट मिले। संयुक्त अरब अमीरात में तैयार इस सोने के छिपाने के लिए खास तौर पर बेल्ट बनाया गया था। आरोपियों ने यह बेल्ट पहन रखा था जिसमें सोने के बिस्किट छिपाने के लिए खास जगह बनी हुई थी। बरामद सोने के कीमत 28 करोड़ 17 लाख रुपए है। पूछताछ में पता चला कि आरोपियों को एक अनजान सूडानी नागरिक ने दोहा हवाई अड्डे पर तस्करी का सोना सौंपा था। तस्करी की बात स्वीकार करने के बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके अलावा एक और मामले में कस्टम अधिकारियों ने एक पुरुष और दो महिला यात्रियों से 5 किलो सोना बरामद किया जिसकी कीमत 3 करोड़ 88 लाख रुपए है। आरोपी दुबई से मुंबई पहुंचे थे। सोना उन्होंने पाउडर के रुप में था जिनके पैकेट आरोपियों ने पहने गए कपड़ों में छिपाकर रखा था। पकड़े एक आरोपियों में से एक महिला बुजुर्ग थी और वह ह्वील चेयर पर थी। इन तीनों आरोपियों को भी कस्टम विभाग ने गिरफ्तार कर लिया। कस्टम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि तस्करी से लिए बदनाम मार्ग और देशों का इस्तेमाल करने वाले संदिग्धों की जानकारी जुटाई गई है जिसके चलते बड़ी संख्या में कार्रवाई संभव हो पा रही है। इसी के जरिए कुछ दिनों पहले 4 करोड़ 8 लाख रुपए की विदेशी मुद्रा भी पकड़ी गई थी। 
 

Tags:    

Similar News