पब्लिक ट्रांसपोर्ट की बजाय निजी वाहनों का इस्तेमाल रोकने सरकार बढ़ा रही पेट्रोल-डीजल के दाम- उद्धव

मोदी सरकार पर तंज पब्लिक ट्रांसपोर्ट की बजाय निजी वाहनों का इस्तेमाल रोकने सरकार बढ़ा रही पेट्रोल-डीजल के दाम- उद्धव

Tejinder Singh
Update: 2021-10-28 14:37 GMT
पब्लिक ट्रांसपोर्ट की बजाय निजी वाहनों का इस्तेमाल रोकने सरकार बढ़ा रही पेट्रोल-डीजल के दाम- उद्धव

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर तंज कसा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब लोग सार्वजनिक परिवहन सेवाओं के बजाय निजी वाहनों का अधिक इस्तेमाल करते हैं, यह बात केंद्र सरकार के ध्यान में आ गई है। इसलिए केंद्र सरकार ने ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी की शुरुआत की है। गुरुवार को मुख्यमंत्री ने एमएमआरडीए की व्यापक परिवहन अध्ययन-2 की अंतिम रिपोर्ट का विमोचन किया। मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने मुंबई के लिए भविष्य की परिवहन जरूरतों का अध्ययन कर यह रिपोर्ट तैयार की है। राज्य अतिथिगृह सह्याद्री में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मजाक भरे अंदाज में कहा कि हम लोग पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर आलोचना करते हैं। पर केंद्र सरकार हमारे भलाई के लिए ईंधन दर वृद्धि कर रही है। केंद्र सरकार एक अच्छे उद्देश्य से दामों को बढ़ा रही है लेकिन यह बात हमारे ध्यान में आती ही नहीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरी इस बात से लोग कहेंगे कि मैं मजाक उड़ा रहा हूं। इसलिए आप लोग बताइए कि मेरी बात सच है या झूठ। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कों पर ट्रैफिक जाम होने पर लोग कहते हैं कि ‘ओ माय गॉड क्या ट्रैफिक है। बताइए इसमें भगवान की क्या गलती है। दरअसल ट्रैफिक जाम के लिए लोग खुद जिम्मेदार हैं। 

अमीरी बढ़ाते-बढ़ाते कहीं सड़क पर आने की नौबत न आए

मुख्यमंत्री ने कहा कि एमएमआरडीए की आधारभूत ढांचा परियोजनाओं के लिए 4 लाख करोड़ रुपए की आवश्यकता पड़ेगी। राज्य के नगर विकास मंत्री एकनाथ शिंदे ने यह राशि जुटाने के लिए मेरा आशीर्वाद मांगा है। लेकिन इतनी बड़ी राशि सुनकर मेरे मुंह से आशीर्वाद शब्द भी नहीं निकल रहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिंदे ने अमेरिका का उदाहरण देते कहा है कि अच्छी सड़कों से अमीरी बढ़ेगी लेकिन अमीरी बढ़ाते-बढ़ाते कहीं सड़क पर आने की नौबत न आ जाए। 

मुंबई जैसी सुविधा विश्व में कहीं नहीं

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैंने मुंबई की लोकल ट्रेन में 30-35 साल पहले सफर किया था। लेकिन मैंने मुंबई की लोकल ट्रेन में सफर कर जिस सुविधा का अनुभव किया, वह विश्व में कहीं पर नहीं मिल सकती। मुंबई की लोकल ट्रेन सेवा ऑटोमेटिक है। प्लेटफार्म पर खड़े रहने के बाद यात्री अपने आप लोकल ट्रेन में चढ़ जाते हैं। स्टेशन आने पर अपने आप बाहर निकल जाते हैं। यह सेवा विश्व में कहीं पर नहीं हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं अपने स्कूल और कॉलेज के जीवन में लोकल ट्रेन और बेस्ट बसों में सफर किया है। 

नागपुर- मुंबई समृद्धि महामार्ग गेम चेंजरः शिंदे

प्रदेश के नगर विकास मंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि नागपुर-मुंबई समृद्धि महामार्ग परियोजना गेम चेंजर साबित होगी। यह परियोजना पूरी होने के बाद नागपुर से मुंबई तक सड़क मार्ग का 15 घंटे का सफर 6 से 7 घंटे में पूरा हो सकेगा। इस दौरान शिंदे ने कहा कि मुंबई और आसपास के शहरों को मिलाकर एमएमआर क्षेत्र की जनसंख्या ऑस्ट्रेलिया जितनी हो गई है। एमएमआर क्षेत्र में पिछले 10 सालों में लगभग 20 प्रतिशत जनसंख्या बढ़ी है। हर साल करीब 2 प्रतिशत जनसंख्या बढ़ रही है। इस कारण यातायात और ट्रैफिक जाम की समस्या बढ़ती जा रही है। 

13 प्रतिशत घटा पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल 

शिंदे ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन सेवा का इस्तेमाल 78 प्रतिशत से घटकर 65 प्रतिशत हो गया है। जिन देशों में सार्वजनिक परिवहन सेवा बेहतर है। वहां पर लोग निजी वाहनों का उपयोग कम करते हैं। एमएमआर क्षेत्र की सभी मेट्रो रेल परियोजनाओं का काम साल 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। मेट्रो रेल परियोजनाओं का काम पूरा होने के बाद मुंबई की सड़कों पर निजी वाहनों का परिचालन कम हो सकेगा। 
 

Tags:    

Similar News