फिर बढ़ रहा मौतों का ग्राफ... 30 कोरोना संदिग्धों की मौत, सिर्फ 10 स्वस्थ हुए

फिर बढ़ रहा मौतों का ग्राफ... 30 कोरोना संदिग्धों की मौत, सिर्फ 10 स्वस्थ हुए

Bhaskar Hindi
Update: 2021-05-08 11:09 GMT

डिजिटल डेेेस्क छिंदवाड़ा। सरकारी आंकड़ों पर यकीन करें तो जिले में संक्रमण की रफ्तार जरूर कम हुई है, लेकिन मौतों का आंकड़ा एक बार फिर बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को जिले में 30 कोरोना संदिग्ध मरीजों की मौत हुई। जिनमें 17 की परतला मोक्षधाम, 10 की देवर्धा मोक्षधाम और 3 की कब्रिस्तान में कोविड प्रोटोकाल के तहत अंत्येष्टि हुई। सरकारी रिकार्ड में कोरोना से सिर्फ एक मौत दर्शाई गई है। एक और चिंता वाली बात यह कि शुक्रवार को रिकवरी रेट में भी तेजी से गिरावट आई है। महज 10 कोरोना मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे हैं। पिछले 24 घंटे में एक्टिव केस 351 थे। इस हिसाब से रिकवरी रेट महज 2.8 फीसदी रहा। जबकि गुरुवार को रिकवरी रेट 15 फसदी था। रिकवरी रेट घटने और नए मरीज मिलने से एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 371 तक पहुंच गई है। एक दिन पहले एक्टिव केस का आंकड़ा 351 तक आ गया था।
राहत की बात... महज 34 नए संक्रमित मिले:
कोविड बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटे में जिले में महज 34 नए संक्रमित पाए गए हैं। यानी संक्रमण की दर घट रही है। एक दिन पहले गुरूवार को जिले में 38 नए संक्रमित मिले थे। उक्त आंकड़ा पिछले 36 दिनों में एक दिन में मिले संक्रमितों का सबसे छोटा आंकड़ा था। जबकि शुक्रवार को नए संक्रमितों के आंकड़े में और गिरावट आई है। लोग संयमित  और सतर्क रहे तो आने वाले दिनों में संक्रमण की गति पर विराम भी लग सकता है।
मृतकों में बुजुर्गों के साथ युवाओं की संख्या भी कम नहीं:
शहर के गुरैया चमन वार्ड नंबर 4 निवासी 72 वर्षीय वृद्ध,  कुंडालीकला के 38 साल के व्यक्ति, दमुआ के वार्ड 12 के 36 वर्षीय व्यक्ति, मोहननगर की 50 साल की महिला, प्रियदर्शिनी कॉलोनी के 61 वर्षीय वृद्ध, साबलेबाड़ी बरारीपुरा के 41 वर्षीय व्यक्ति, शिवनगर की 62 वर्षीय वृद्धा का कोरोना प्रोटोकाल के तहत अंतिम संस्कार हुआ। वहीं चौरई छीतापड़ा के 31 वर्षीय युवक, एक 20 वर्षीय युवती, मेहगोरा के 75 वर्षीय वृद्ध, किसनपुर के 38 साल के व्यक्ति, दमुआ के वार्ड 12 के 36 वर्षीय व्यक्ति, दमुआ के 80 वर्षीय वृद्ध, गांगीवाड़ा की 67 वर्षीय महिला, इकलबिहरी उमरानाला के 54 साल के व्यक्ति, बिछुआ के 64 वर्षीय वृद्ध, रावनवाड़ा की 62 वर्षीय महिला, रंगारी सौंसर की 65 वर्षीय महिला का भी कोविड प्रोटोकाल से परतला मोक्षधाम में अंतिम संस्कार हुआ।


 

Tags:    

Similar News