80 किलो सोना, 450 किलो चांदी से सजे हैं GSB के गणेश, जानिए और क्या-क्या है खूबियां

80 किलो सोना, 450 किलो चांदी से सजे हैं GSB के गणेश, जानिए और क्या-क्या है खूबियां

Anita Peddulwar
Update: 2018-09-15 12:52 GMT
80 किलो सोना, 450 किलो चांदी से सजे हैं GSB के गणेश, जानिए और क्या-क्या है खूबियां

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई शहर के सबसे धनी सार्वजनिक गणेश मंडल यानी गौड सारस्वत ब्राह्मण (जीएसबी) सेवा मंडल ने इस बार भगवान गणेश को 80 किलो सोने और 450 किलो चांदी से सजाया है। यह सोना-चांदी पिछले 64 सालों में भक्तों द्वारा बाप्पा को चढ़ाया है। इस साल जीएसबी सेवा मंडल ने बाप्पा का 264 करोड़ रुपए से ज्यादा का इंश्योरेंस कराया है।

पर्यावरण को ध्यान में रखकर बनाई जाती है मूर्ति
जीएसबी मंडल के प्रवक्ता सतीश नायक ‘दैनिक भास्कर’ को  बताया कि हम पर्यावरण का ध्यान रखते हुए हर साल मिट्टी से भगवान की मूर्ति बनाते हैं। साल 1955 में 12 इंच की भगवान की प्रतिमा से हमने स्थापना शुरू की थी। अब बाप्पा की 14 फीट ऊंची मूर्ति स्थापित की जाती है। नायक ने बताया कि बाप्पा का सिंहासन, मुकुट, हाथ, पैर, जनेऊ सोने के हैं, जबकि मखर चांदी का बनाया गया है। उपनगर सायन (पूर्व) में स्थित जीएसबी बाप्पा के दर्शन करने यहां भी बड़ी संख्या में आम भक्तों के साथ-साथ कई सेलिब्रिटी भी पहुंचते हैं। इस साल यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं में पूर्व आस्ट्रिलियाई क्रिकेटर ब्रेट ली भी शामिल हैं।

सुरक्षा का तगड़ा बंदोबस्त
आम और खास भक्तों की सुरक्षा के भी यहां तगड़े इंतजाम किए गए हैं। पंडाल और आसपास लोगों पर निगरानी के लिए 65 CCTV कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा ड्रोन कैमरों से भी भक्तों और पंडाल की निगरानी की जारी है। ड्रोन कैमरे पंडाल में बैठे लोग ही नियंत्रित करते हैं, जबकि यहां लगे CCTV कैमरे सीधे पुलिस कंट्रोल रूम से जुड़े हुए हैं। इसके अलावा 500 कार्यकर्ता भी यहां व्यवस्था बनाए रखने में लगातार योगदान देते हैं। सबसे धनी मंडल के बाप्पा को जिस तरह सोने चांदी से सजाया जाता है उससे चोरी का डर बना रहता है। इसीलिए मंडल ने इस बार पूरे 264.75 करोड़ रुपए का इंश्यूरेंस कराया है। जीएसबी मंडल में पांचवें दिन भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया जाता है। 

Similar News