ज्यादा ग्राहक के लिए मानव खोपड़ी की पूजा करनेवाला हजाम गिरफ्तार

ज्यादा ग्राहक के लिए मानव खोपड़ी की पूजा करनेवाला हजाम गिरफ्तार

Tejinder Singh
Update: 2019-03-20 14:12 GMT
ज्यादा ग्राहक के लिए मानव खोपड़ी की पूजा करनेवाला हजाम गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। सलून में ज्यादा ग्राहक आएं इसलिए मानव खोपड़ी के आगे मंत्रोच्चार करने वाले एक हजाम समेत तीन लोगों को ठाणे पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कलवा इलाके में रहने वाला अपने घर के भीतर तंत्रमंत्र कर रहा था जिसकी सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। मामले में मानव खोपड़ी हजाम को देने वाले और उसे तंत्रमंत्र का झांसा देने वाले एक तांत्रिक को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक राजू शर्मा नाम के आरोपी ने ठाणे के उल्हासनगर इलाके में कुछ महीने पहले सलून खोला हुआ था। लेकिन इसमें ज्यादा ग्राहक नहीं आ रहे थे। रूढ़िवादी विचारों के शर्मा को लगा कि तंत्रमंत्र के सहारे इसे ठीक किया जा सकता है इसलिए उसने कैलाश हटकर नाम के एक तांत्रिक से संपर्क किया। हटकर ने पांडुरंग गवारी नाम के एक शख्स की मदद से श्मशान घाट से इंसानी खोपड़ी का इंतजाम किया। इसके बाद दुकान पर ग्राहकों की संख्या बढ़ाने के लिए हटकर ने छह हजार रुपए लेकर कुछ टोना टोटका किया और फिर शर्मा को रोजाना 108 बार खोपड़ी के सामने मंत्र पढ़ने को कहा। शर्मा पिछले तीन महीने से रोजाना अपने घर में खोपड़ी के सामने बैठकर मंत्र पढ़ रहा था। इस बीच इसकी भनक पुलिस को लग गई और छापा मारकर शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। शर्मा से मिली जानकारी के आधार पर तांत्रिक और उसके साथी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हटकर के पास से पुलिस ने एक और इंसानी खोपड़ी बरामद की है। इस बात की छानबीन की जा रही है कि क्या आरोपी तांत्रिक ने इससे पहले भी श्मशान से इंसानी खोपड़ियां चुराकर किसी को बेंची है या तंत्रमंत्र का झांसा दिया है।  

लूटपाट के लिए बुजुर्ग महिला की हत्या

उधर महानगर के माटुंगा इलाके में एक 79 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या कर लूटपाट का मामला सामने आया है। घटना का खुलासा मंगलवार रात हुआ जब किसी ने वसंता लक्ष्मीनारायण को घर में बेसुध देखा। पुलिस ने हत्या और लूटपाट के आरोप में एफआईआर दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। वारदात मिलिंदनगर के माटुंगा लेबर कैंप स्थित मुंबई महानगर पालिका की इमारत में हुआ। जहां निचली मंजिल पर पुलिस के मुताबिक घर में अकेली बुजुर्ग को देखकर कोई चोर भीतर दाखिल हुआ और उसने लूटपाट की कोशिश की। विरोध करने पर उसने वसंता का गला उनकी ही शाल से घोंटकर हत्या कर दी और फरार हो गया। भागने से पहले आरोपी ने वसंता द्वारा पहने हुए गहने और घर में रखे गहने लूट लिए। साहूनगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 302, 397, 449 के तहत एफआईआर दर्ज की है। आरोपी की पहचान के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। इसके अलावा मृतक के परिवार वालों से भी पुलिस जानकारी हासिल कर रही है।   

Similar News