जमकर हुई बारिश , नदी-नालों में बाढ़, नागपुर मार्ग बंद

जमकर हुई बारिश , नदी-नालों में बाढ़, नागपुर मार्ग बंद

Bhaskar Hindi
Update: 2017-09-09 18:43 GMT
जमकर हुई बारिश , नदी-नालों में बाढ़, नागपुर मार्ग बंद

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा। जिले में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। 24 घंटों में 18 मिमी बारिश दर्ज हुई है। वहीं जिले में अब तक 699.5 मिमी वर्षा हो चुकी है। कई नदी-नाले ओवर फ्लो हो गए, वहीं गहरा नाला ओवर फ्लो होने के बाद से छिंदवाड़ा-नागपुर मार्ग का संपर्क टूट गया। करीब आधा घंटे मार्ग बंद रहा। वहीं जलसंकट की स्थिति में सुधार होने से किसान और आमजन भी खुश है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आगामी दो दिनों में जिले में ऐसे ही मौसम बने रहने की संभावना है। शनिवार की दोपहर बाद से जिले के तामिया, मोहखेड़, सौंसर, जुन्नारदेव, परासिया, चौरई, बिछुआ, हर्रई, छिंदवाड़ा एवं अमरवाड़ा क्षेत्र में जोरदार बारिश दर्ज की गई। जिससे छोटे-बड़े नाले उफान पर आ गए।

छिंदवाड़ा-नागपुर मार्ग पर रामाकोना के समीप स्थित गहरा नाला उफान पर आने से रात 8.20 से 8.50 तक आधे घंटे मार्ग बाधित रहा। सौंसर क्षेत्र में इस दौरान जबरदस्त बारिश हुई। जुन्नारदेव में बारिश का क्रम शनिवार को भी जारी रहा। दोपहर 3 बजे से तेज बारिश शुरू हुई। जिसके कारण अंबिका लॉन के समीप बरसाती नाला ओवर फ्लो हो गया और इस मार्ग पर आवागमन लगभग एक घंटे तक बाधित रहा। जिसके कारण पंचशील कालोनी, टाटरवाडा, रिछेड़ा की ओर जाने वाले ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा। डेढ़ घंटे की बारिश से बाजार क्षेत्र में फुटकर विक्रेताओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा।

परासिया न्यूटन मार्ग पर रेलवे अंडर ब्रिज में शनिवार को लंबा जाम लग गया। जिससे बारिश में लगभग तीन घंटे तक वाहन चालक परेशान होते रहे। रेलवे अंडर ब्रिज में पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं है। जिससे बारिश होने पर यहां पानी भर जाता है। वहीं ब्रिज के पास नाला ओवर फ्लो होकर बहने लगा और इसका पानी भी अंडर ब्रिज के नीचे समा गया। जिससे लगभग तीन  घंटे तक ब्रिज के दोनों ओर लंबा जाम लगा रहा।

Similar News