विपक्ष के निशाने पर सरकार : 40 साल में दूसरी बार हुई आफत की बरसात, अमिताभ बच्चन के घर घुसा पानी
विपक्ष के निशाने पर सरकार : 40 साल में दूसरी बार हुई आफत की बरसात, अमिताभ बच्चन के घर घुसा पानी
डिजिटल डेस्क, मुंबई। पिछले 40 सालों में दूसरी सबसे तेज बरसात के चलते जलजमाव की समस्या हुई है। 26 जुलाई 2005 के अलावा कुछ घंटे में इतनी बरसात साल 1974 में हुई थी। नियम 57 के तहत विपक्ष के प्रस्ताव पर चर्चा का उत्तर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा सिर्फ चार घंटों में मुंबई में करीब 400 मिलीमीटर बारिश हुई। जबकि शहर की मौजूदा व्यवस्था 24 घंटे में 150 मिलीमीटर बारिश का पानी व्यवस्थित तरीके से निकलने में सक्षम है।
पवार ने आरोप लगाया कि बिल्डरों और सरकार की लापरवाही के चलते लोगों की मौत हो रही है। विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय वडेटटीवर ने कहा कि अभिनेता अमिताभ बच्चन और राकांपा नेता नवाब मालिक के घर में पानी भरा हुआ है जब अच्छे इलाकों में ये हाल है तो झुग्गी बस्तियों की क्या स्थिति होगी। कांग्रेस के आरिफ नसीम खान, राकांपा के जयंत पाटिल, छगन भुजबल, जीतेंद्र आव्हाड ने भी बीएमसी में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।
बरसात के बाद ठप हुई मायानगरी और एक के बाद एक लगातार हो रहे हादसों और मौतों को लेकर विपक्ष ने सरकार को घेरा। प्रश्नकाल के दौरान राकांपा नेता अजित पवार ने प्रश्नकाल तुरंत स्थगित कर इस मुद्दे पर चर्चा की मांग की। अजित पवार ने कहा कि मोदी की अगुआई में मिली जीत के बाद सत्ताधारी पार्टी के नेता उन्मादी हो गए हैं। मुंबई में रेल, हवाई और यातायात ठप है और मुंबई को स्मार्टसिटी बनाने की बातें की जा रहीं हैं उन्होंने सवाल किया कि क्या पहली बार मुंबई में बरसात हुई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पुणे में दीवार गिरने के चलते हुए एक और हादसे में 6 लोगों की मौत हुई है जबकि 4 जख्मी है। हादसे का शिकार हुए लोग छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के है। ठाणे जिले के कल्याण इलाके में स्कूल की दीवार तबेले पर गिरने से एक बच्ची समेत तीन लोगों की मौत की भी जानकारी मुख्यमंत्री ने विधानसभा में दी। उन्होंने बताया कि दोनों मामलों की जांच के आदेश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों तक शहर में बारिश की चेतावनी दी है इसके मद्देनजर प्रशासन को खतरनाक जगहों से लोगों को सुरक्षित जगहों पर ले जाने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि बीती रात मुंबई पुलिस को मदद के लिए 1600 जबकि बीएमसी को 1000 संदेश आये और सभी जगह कर्मचारी पंहुचे। नाले सफाई में देरी से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके लिए समयसीमा तय की जाएगी।
इसके अलावा शहर में दो और पम्पिंग स्टेशन बनाये जाने है। वहां मैनग्रोव होने की वजह से मामला हाइकोर्ट में था लेकिन अब इसकी इजाजत मिल गयी है। काम पूरा होने के बाद शहर को जलजमाव से बचाया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे शहर भर में लगने के बाद अब किन इलाकों में पानी भरता है इसकी बेहतर जानकारी मिल रही है। पिछले 3 सालों के आंकड़ों के आधार पर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
मृतकों के परिजनों को सरकार की ओर से 5 लाख की आर्थिक मदद दी जाएगी जबकि घायलों के इलाज का खर्च सरकार उठाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मीठी नदी का अतिक्रमण करीब करीब हटा दिया गया है। इसके अलावा अब शहर के नालों पर हुए अतिक्रमण को सख्ती से हटाया जाएगा। कई जगहों पर नाले की जगह पर अतिक्रमण कर 3-4 मंजिल के झोपड़े बना लिए गए हैं लोगों की जान की सुरक्षा के मद्देनजर इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की ज़रूरत है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मालाड इलाके में तेज बारिश के बाद जलजमाव के चलते दीवार टूट कर पास के झोपड़ों पर गिर गयी। हादसे में 18 लोगों की मौत ही गयी जबकि 75 घायल है। उन्होंने कहा कि मामले के उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं।