अलग-अलग मामलों में नाबालिगों को हवस का शिकार बनाने वाले आरोपी पकड़ाए

अलग-अलग मामलों में नाबालिगों को हवस का शिकार बनाने वाले आरोपी पकड़ाए

Tejinder Singh
Update: 2017-12-12 13:31 GMT
अलग-अलग मामलों में नाबालिगों को हवस का शिकार बनाने वाले आरोपी पकड़ाए

डिजिटल डेस्क, मुंबई। छोटी बच्चियों से बलात्कार की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं हैं। महानगर के वर्सोवा इलाके में छह साल की बच्ची से उस शख्स ने बलात्कार किया, जिसके भरोसे बच्ची के माता-पिता उसे छोड़कर काम पर जाते थे। वहीं वसई इलाके में मामा ने चॉकलेट का लालच देकर सात साल की बच्ची से बलात्कार किया। दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि इन वारदातों ने बच्चों की सुरक्षा पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। 

बच्ची ने मां को बताया, जांच में हुआ खुलासा

वर्सोवा पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी बच्ची का पड़ोसी है। बच्ची के माता-पिता दोनों काम पर जाते हैं इस दौरान बच्ची आरोपी के घर रहती थी। आरोपी पिछले तीन महीनों से बच्ची के साथ अश्लील हरकत कर रहा था। सितंबर महीने में भी निजी अंगों से खून निकलने के चलते बच्ची को डॉक्टर के पास ले जाया गया था, लेकिन उस दौरान आरोपी की हरकत का खुलासा नहीं हो सका। इस बार सोमवार रात जब बच्ची की मां वापस आई, तो बच्ची ने मां को जानकारी दी। डॉक्टरी जांच में पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी रशीद सोलकर के खिलाफ आईपीसी और पास्को कानून की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। 

7 साल की बच्ची के साथ मामा ने किया बलात्कार 

इसी तरह का एक मामला वसई में सामने आया है, जहां एक सात साल की बच्ची के साथ उसके ही 20 वर्षीय मामा ने बलात्कार किया। बच्ची अपने नानी के पास गई थी। इसी दौरान आरोपी ने उसे घुमाने और चॉकलेट दिलाने के बहाने वसई किले में साथ ले जाकर बलात्कार किया। आईपीसी और पाक्सो कानून के तहत एफआईआर दर्ज कर वसई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।   

दो लड़कों से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

कुर्ला पुलिस ने 11-11 साल के दो लड़कों से दुष्कर्म के आरोप में 27 साल के शख्स को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से दोनों के साथ दुष्कर्म कर रहा था। दुष्कर्म का शिकार हो रहे एक बच्चे ने अपने दोस्त को इसकी जानकारी दी, तो उसने खुलासा किया कि आरोपी उसके साथ भी इसी तरह की हरकत करता है। इसके बाद दोनों लड़कों ने मामले की जानकारी अपने माता-पिता को दी। जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

Similar News