चुनावी मौसम में सीएम पर हाईकोर्ट की टिप्पणी से गरमाई राजनीति, कांग्रेस ने कहा- प्रदेश नहीं आरएसएस के हैं मुख्यमंत्री

चुनावी मौसम में सीएम पर हाईकोर्ट की टिप्पणी से गरमाई राजनीति, कांग्रेस ने कहा- प्रदेश नहीं आरएसएस के हैं मुख्यमंत्री

Tejinder Singh
Update: 2019-03-29 15:12 GMT
चुनावी मौसम में सीएम पर हाईकोर्ट की टिप्पणी से गरमाई राजनीति, कांग्रेस ने कहा- प्रदेश नहीं आरएसएस के हैं मुख्यमंत्री

डिजिटल डेस्क, मुंबई। बाम्बे हाईकोर्ट की तरफ से लेखक व विचारक नरेंद्र दाभोलकर और गोविंद पानसरे की हत्या की जांच की गति को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर की गई टिप्पणी को लेकर विपक्ष के हमले पर भाजपा ने मुख्यमंत्री का बचाव किया है। 

प्रदेश नहीं सिर्फ आरएसएस के हैं मुख्यमंत्री: चव्हाण

हाईकोर्ट की टिप्पणी के मद्देनजर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चव्हाण ने कहा कि महाराष्ट्र के इतिहास में पहली बार मुख्यमंत्री की प्रामाणिकता पर हाईकोर्ट ने प्रश्नचिन्ह खड़ा किया है। मुख्यमंत्री को तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए। कांग्रेस नेता चव्हाण ने कहा कि हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान नाराज होकर सवाल किया है कि मुख्यमंत्री प्रदेश के हैं या फिर एक पार्टी के हैं। यह प्रदेश के लिए बेहद शर्मनाक है। फडणवीस को तुरंत पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। चव्हाण ने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश के नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के हैं। 

मुख्यमंत्री नहीं करते मामले की जांच: तावडे

शुक्रवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में भाजपा नेता व प्रदेश के शिक्षा मंत्री विनोद तावडे ने कहा कि मुख्यमंत्री किसी मामले की जांच नहीं करते हैं और न ही जांच में हस्तक्षेप करते हैं। तावडे ने कहा कि मुख्यमंत्री के पास कोई विषय लंबित नहीं है। सीबीआई, एटीएस और एसआईटी मिलकर मामले की जांच कर रही हैं। अदालत के लिखित आदेश में मुख्यमंत्री को कोई फटकार नहीं लगाई गई है। फिर भी मीडिया मुख्यमंत्री को फटकारने की बात दिखा रहा है। इस बात का मुझे आश्चर्य है। 

Similar News