भाजपा में जारी है इनकमिंग, राकांपा-कांग्रेस के भारती पवार और छेड़ा हुए शामिल 

भाजपा में जारी है इनकमिंग, राकांपा-कांग्रेस के भारती पवार और छेड़ा हुए शामिल 

Tejinder Singh
Update: 2019-03-22 14:51 GMT
भाजपा में जारी है इनकमिंग, राकांपा-कांग्रेस के भारती पवार और छेड़ा हुए शामिल 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भाजपा ने राष्ट्रवादी कांग्रेस को एक बार फिर से झटका दिया है। टिकट न मिलने से नाराज राष्ट्रवादी कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ.भारती पवार ने भाजपा का दामन थाम लिया है। भाजपा भारती को दिंडोरी लोकसभा सीट से उम्मीदवार बना सकती है। भारती युति सरकार में मंत्री रहे एटी पवार की बहु हैं। सूत्रों के अनुसार दिंडोरी सीट से भाजपा के मौजूदा सांसद हरिश्चचंद्र चव्हाण की जगह पर भारती को उम्मीदवार मिल सकती है। सांसद चव्हाण ने भारती के भाजपा प्रवेश को लेकर नाराजगी भी जताई है। नाशिक में उन्होंने दावा किया है कि दिल्ली में शीर्ष नेतृत्व मेरे नाम का विचार जरूर करेगा। शुक्रवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और जलसंसाधन मंत्री गिरीश महाजन समेत भाजपा नेताओं की मौजूदगी में भारती ने भाजपा में प्रवेश किया। वानखेडे स्टेडियम के एमसीए लाउंज में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नेता व मुंबई मनपा में विपक्ष के नेता रहे प्रवीण छेडा और अहमदनगर के कांग्रेस के पूर्व नेता ब्रिजलाल सारडा भी भाजपा में शामिल हुए। छेड़ा भाजपा छोड़ कर कांग्रेस में गए थे। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारती के भाजपा में शामिल होने से दिंडोरी संसदीय क्षेत्र में पार्टी मजबूत हो गई है। उन्होंने नाशिक जिला परिषद और कलवण तहसील में काम से अपनी अलग पहचान बनाई है। वहीं भारती ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री फडणवीस के विकास कामों से प्रेरित होकर में पार्टी में शामिल हुई हूं। इससे पहले साल 2014 में भारती ने राष्ट्रवादी कांग्रेस के टिकट पर आरक्षित सीट दिंडोरी से लोकसभा का चुनाव लड़ा था। इस बार राकांपा ने उन्हें उम्मीदवारी नहीं दी। इससे नाराज भारती ने पाला बदलकर भाजपा में प्रवेश किया है। 

कांग्रेस में नहीं जाएंगे सांसद संजय काकडे 

भाजपा समर्थित राज्यसभा सांसद संजय काकडे की नाराजगी दूर करने में मुख्यमंत्री को सफलता मिली है। काकडे भाजपा छोड़कर कांग्रेस में नहीं जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि काकडे थोड़े से नाराज होने के कारण दिल्ली चले गए थे। कांग्रेस ने काकडे से संपर्क कर पुणे से टिकट देने की पेशकश की थी। लेकिन मुझसे मुलाकात के बाद उन्होंने भाजपा के साथ रहने का फैसला किया है। वे किसी दूसरे दल में नहीं जाएंगे। मुख्यमंत्री ने काकडे को खुश करने के लिए उन पर पश्चिम महाराष्ट्र की भाजपा कोटे की सीटों की जिम्मेदारी भी दी है। इससे पहले काकडे ने भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल होने का ऐलान किया था। काकडे पुणे लोकसभा सीट से कांग्रेस से चुनाव लड़ना चाह रहे थे। उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस से समर्थन के लिए पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार से भी मुलाकात की थी। 

Similar News