व्यापारियों से लूटपाट करनेवाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

व्यापारियों से लूटपाट करनेवाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

Tejinder Singh
Update: 2018-05-20 10:12 GMT
व्यापारियों से लूटपाट करनेवाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई।  कुरार पुलिस ने व्यापारियों से लूटपाट करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का भांडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक व्यापारी से लूटे गए 15 लाख रुपए भी बरामद किए गए हैं। पुलिस गिरोह से जुड़े चार और आरोपियों की तलाश कर रही है। आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र और गुजरात में लूटपाट के 17 मामले दर्ज हैं।

दरअसल इसी साल छह अप्रैल को देवेंद्र जालान नाम के एक व्यापारी से मालाड स्टेशन के बाहर कुछ लोगों ने झगड़ा किया और फिर उनके पास मौजूद पैसों से भरा बैग छीनकर भाग गए। उन्होंने कुरार पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इस बीच पुलिस को जानकारी मिली कि एक गिरोह इलाके में सीएनजी पंप पर डकैती डालने की तैयारी में है।

पुलिस ने जाल बिछाकर प्रतीक पाणवेकर, विकास धुमाने और विशाल तनवानी नाम के आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान उनके साथ मौजूद चार और लोग फरार होने में कामयाब हो गए। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ शुरू की तो उन्होंने जालान से लूटपाट की भी बात स्वीकारी। पुलिस ने आरोपियों के पास से कट्टा, चॉपर, तलवार जैसे हथियार भी बरामद किए हैं। आरोपियों ने मुंबई, ठाणे , नई मुंबई के अलावा गुजरात में लूटपाट की दर्जनों वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

व्यापारियों को बनाते थे निशाना
पुलिस के मुताबिक आरोपी खासकर उन व्यापारियों को निशाना बनाते थे जो अक्सर भारी मात्रा में नकदी एक जगह से दूसरी जगह ले जाते हैं। आरोपी ऐसे इलाकों की रेकी करके रखते थे जहां आर्थिक व्यवहार या हीरे और दूसरे गहनों का लेन देन ज्यादा होता है। शिकार तय करने के बाद गिरोह व्यापारी के साथ से बैग खींचकर फरार हो जाता। व्यापारियों को धोखा देने के लिए आरोपी कई बार उनसे जबरन टकराकर विवाद खड़ा करते और मौका मिलते ही बैग छीनकर फरार हो जाते। 
 

Similar News