बागियों पर कार्रवाई कराने भोपाल पहुंचे भाजपाई

बागियों पर कार्रवाई कराने भोपाल पहुंचे भाजपाई

Bhaskar Hindi
Update: 2017-10-04 16:11 GMT
बागियों पर कार्रवाई कराने भोपाल पहुंचे भाजपाई

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा/पांढुर्ना। नगरीय निकाय चुनाव के बाद भाजपा में आंतरिक गतिरोध चरम सीमा पर नजर आ रहा है। नपा चुनाव में अध्यक्ष की करारी हार और उपाध्यक्ष चुनाव में आठ पार्षदों की बगावत ने पार्टी संगठन में हलचल पैदा कर दी है। पांच साल पहले पार्टी में शुरू हुई इस बगावत के बाद अब अधिकांश कार्यकर्ता खुलकर सामने आ रहे हैं। बुधवार को शहर के भाजपा नेताओं के साथ कार्यकर्ताओं ने भोपाल में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को भीतरघात की जानकारी दी। 

मंडल अध्यक्ष राजू रेवतकर, नपा उपाध्यक्ष अरूण भोसले, जनपद अध्यक्ष गणेश पदमाकर, पूर्व विधायक रामराव कवरेती की अगुवाई में भाजपा के 94 पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता भोपाल पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने संगठन मंत्री सुहास भगत से मुलाकात कर पार्टी में हुए भीतरघात की बिंदुवार जानकारी दी। यह आरोप भी लगाया कि पार्टी के वरिष्ठ नेता ही पार्टी कार्यक्रमों को तवज्जो नहीं देते। ये लोग समानांतर कार्यक्रम करते हुए पार्टी के अंतर्कलह को बढ़ावा दे रहे हैं। संगठन मंत्री सुहास भगत ने भरोसा दिलाया कि आगामी 9-10 अक्टूबर को संभागीय संगठन मंत्री अतुल राय पांढुर्ना पहुंचेंगे।

वे सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों से चर्चा कर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष को पांढुर्ना के हालातों से अवगत कराएंगे। भोपाल पहुंचे कार्यकर्ताओं के इस दल में पूर्व नपाध्यक्ष धनराज वंजारी, सोसायटी अध्यक्ष मोहन घोड़े, वरिष्ठ कार्यकर्ता महेन्द्र पोपली, दादूराम ईरपाची, संभाजी कड़वे, देवीदास राउत, कृष्णकुमार डोबले, दुर्गेश उईके, रवि बावनकर, तरूण आहाके, रामचंद्र उइके के साथ13 पार्षद, 11 जनपद सदस्य सहित पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल थे।

Similar News