झारखंड के 15 लाख के इनामी माओवादी नेता को महाराष्ट्र एटीएस ने किया गिरफ्तार

कार्रवाई झारखंड के 15 लाख के इनामी माओवादी नेता को महाराष्ट्र एटीएस ने किया गिरफ्तार

Tejinder Singh
Update: 2022-09-18 14:19 GMT
झारखंड के 15 लाख के इनामी माओवादी नेता को महाराष्ट्र एटीएस ने किया गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र एटीएस ने झारखंड के 15 लाख रुपए के इनामी माओवादी नेता को मुंबई से सटे नालासोपारा इलाके से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी का नाम कारू हुलास यादव है। 45 वर्षीय यादव प्रतिबंधित कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (माओ) का रीजनल कमेटी सदस्य है। उसके खिलाफ 30 मामले दर्ज। गुप्त सूचना के आधार पर ठाणे एटीएस की टीम ने यादव को नालासोपारा के रामनगर स्थित धानवी की एक चॉल से छापा मारकर दबोचा। आरोपी को पकड़ने के लिए छापेमारी रविवार तड़के की गई। एसीएस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी इलाज के लिए नालासोपारा आया हुआ था। यादव मूल रूप से झारखंड के हजारीबाग जिले में स्थित कटकमसांडी तालुका के इलाके डोडगा का रहने वाला है। पकड़ा गया आरोपी साल 2004 से नक्सली गतिविधियों में शामिल है। काफी मशक्कत के बाद भी जब वह सुरक्षाबलों के हाथ नहीं लगा तो उस पर 15 लाख रुपए का इनाम घोषित कर दिया गया। एटीएस के मुताबिक आरोपी के पकड़े जाने की सूचना झाऱखंड पुलिस को दे दी गई है। इसके अलावा एटीएस आरोपी से इस बात की पूछताछ कर रही है क्या उसके राज्य में सक्रिय नक्सलियों से भी संबंध हैं
 

Tags:    

Similar News